google-site-verification: google2b21991adbe5cec3.html

वृन्दावन में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर 545 कैडेटों ने किया सामूहिक योग, सीएटीसी-40 शिविर का हुआ समापन

मथुरा/वृन्दावन। भगवान श्रीकृष्ण की पावन भूमि वृन्दावन स्थित सामवेद गुरुकुलम बालिका सैनिक स्कूल में 11 यूपी बटालियन एनसीसी मथुरा द्वारा अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026 का आयोजन उत्साह, अनुशासन और गरिमामय वातावरण में किया गया। इस अवसर पर संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर (सीएटीसी-40) का औपचारिक समापन भी संपन्न हुआ।

प्रातःकालीन सत्र में 545 से अधिक एनसीसी कैडेटों ने एएनओ एवं पीआई स्टाफ के साथ सामूहिक योगाभ्यास किया। कैडेटों ने स्वस्थ एवं सशक्त भारत के निर्माण के लिए योग को अपने दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने का संकल्प लिया। ब्रजभूमि के आध्यात्मिक वातावरण में आयोजित योग सत्र ने प्रतिभागियों में नई ऊर्जा और सकारात्मकता का संचार किया।

इसके बाद आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों में कैडेटों ने लोक नृत्य, देशभक्ति पर आधारित लघु नाटिकाओं और पारंपरिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। भारतीय संस्कृति और आधुनिक सोच के समन्वय से सजी प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।

शिविर के दौरान आयोजित खेल प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कैडेटों तथा 100 से अधिक पुश-अप्स पूर्ण करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। वहीं, सभी सहभागी संस्थानों में सर्वाधिक अंक प्राप्त कर सामवेद गुरुकुलम बालिका सैनिक स्कूल को सीएटीसी-40 की सर्वश्रेष्ठ संस्था घोषित किया गया।

सायंकालीन सत्र में कर्नल विक्रांत त्यागी (सेना पदक), कमांडिंग ऑफिसर ने कैडेटों को संबोधित करते हुए रणनीतिक सोच विकसित करने और चुनौतियों को अवसरों में बदलने का संदेश दिया। उनके प्रेरणादायी उद्बोधन के साथ सीएटीसी-40 शिविर का औपचारिक समापन किया गया।

इसके अतिरिक्त अलीगढ़ ग्रुप थल सेना प्रशिक्षण के अंतर्गत 59 कैडेटों को विशेष प्रशिक्षण भी प्रदान किया गया।

इस अवसर पर डिप्टी कैंप कमांडेंट कर्नल अजय कुमार, एडजुटेंट कैप्टन गोविंद, कैंप क्वार्टर मास्टर लेफ्टिनेंट राज कुमार, प्रशिक्षण अधिकारी हुकुम सिंह, मीडिया प्रभारी लेफ्टिनेंट कपिल कौशिक, लेफ्टिनेंट अशोक कुमार, सूबेदार मेजर राजविंदर सिंह सहित समस्त जेसीओ एवं पीआई स्टाफ उपस्थित रहे।

योग, अनुशासन और राष्ट्रसेवा की भावना के साथ आयोजित यह कार्यक्रम कैडेटों के लिए प्रेरणादायी एवं यादगार साबित हुआ।


Discover more from समाज जागरण

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Leave a Reply

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)