google-site-verification: google2b21991adbe5cec3.html

आदित्यपुर में काली पूजा विसर्जन के दौरान खुलेआम बंदूक लहराता दिखा व्यक्ति, वीडियो वायरल होने से उठे सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल*

अभय कुमार मिश्रा, दैनिक समाज जागरण, ब्यूरो चीफ, कोल्हान झारखंड

सरायकेला खरसावां (झारखंड) 11 नवम्बर 2026: आदित्यपुर के आरआईटी थाना क्षेत्र अंतर्गत आदित्यपुर-2 स्थित रोड नंबर चार में श्री श्री काली पूजा कमेटी के विसर्जन जुलूस के दौरान एक व्यक्ति का हाथ में बंदूक लेकर लहराते हुए चलने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में कथित तौर पर एक व्यक्ति विसर्जन वाहन के ठीक आगे हाथ में बंदूक लेकर चलता दिखाई दे रहा है।



वीडियो सामने आने के बाद स्थानीय लोगों और सोशल मीडिया यूजर्स के बीच कई सवाल उठ रहे हैं। लोगों का सवाल है कि आखिर किस नियम और अनुमति के तहत विसर्जन जुलूस में कोई व्यक्ति इस तरह खुलेआम बंदूक लहराते हुए चल रहा था? धार्मिक जुलूस में इस तरह का प्रदर्शन आम लोगों की सुरक्षा के लिहाज से भी गंभीर चिंता का विषय है।

हालांकि, वायरल वीडियो में दिखाई दे रही वस्तु वास्तविक आग्नेयास्त्र है या फिर कोई नकली हथियार ये जांच का विषय है। इसकी वास्तविकता की जांच पुलिस के लिए जरूरी है। साथ ही यह भी जांच का विषय है कि यदि हथियार असली था, तो संबंधित व्यक्ति के पास उसका लाइसेंस था या नहीं और सार्वजनिक जुलूस में उसे इस तरह प्रदर्शित करने की अनुमति किसने दी थी। या फिर अगर नकली हथियार था तो भी इस तरह से सार्वजनिक विसर्जन जुलूस में इसके प्रदर्शन की आवश्यकता क्यों पड़ी?

अब देखना यह है कि आरआईटी थाना पुलिस वायरल वीडियो का संज्ञान लेकर मामले की जांच करती है या नहीं। फिलहाल इस वीडियो ने विसर्जन जुलूसों में सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस निगरानी को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।


Discover more from समाज जागरण

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Leave a Reply

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)