वीरेंद्र चौहान, समाज जागरण ब्यूरो, किशनगंज।
22 अगस्त। भूदान की जमीन के दाखिल-खारिज वाद में आपत्ति दर्ज होने और करीब दो माह से मामला लंबित रहने से नाराज किन्नर समाज के लोगों ने शनिवार को किशनगंज अंचल कार्यालय पहुंचकर हंगामा किया। जहांगीर के नेतृत्व में पहुंचे लोगों ने जनता दरबार के दौरान ताली बजाकर विरोध जताया और अधिकारियों के समक्ष अपनी नाराजगी रखी।

प्रदर्शनकारियों ने राजस्व अधिकारी गंगाराम टुडू पर दाखिल-खारिज के मामले को करीब दो माह से लंबित रखने का आरोप लगाया। उनका कहना था कि वे अपना काम-धंधा छोड़कर अंचल कार्यालय से लेकर जिला कार्यालय तक लगातार चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन अब तक मामले का समाधान नहीं हुआ है। लंबे समय से सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने के कारण उनके रोजी-रोजगार पर भी असर पड़ रहा है।
मामला मौजा घोड़ा मारा स्थित खाता संख्या-3, खेसरा संख्या-126 की 10 डिसमिल भूदान भूमि से जुड़ा है। किन्नर समाज के अनुसार, उक्त जमीन के दाखिल-खारिज के लिए ऑनलाइन आवेदन किया गया था। आवेदन के बाद एक व्यक्ति ने आपत्ति दर्ज करा दी, जिसके कारण प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ सकी। प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि आपत्ति दर्ज होने की स्थिति में संबंधित दस्तावेजों और राजस्व अभिलेखों की जांच कर नियमानुसार निर्णय लिया जाए तथा मामले को अनिश्चितकाल तक लंबित न रखा जाए।
जनता दरबार में बढ़ी गहमागहमी
विरोध के दौरान जनता दरबार में माहौल उस समय गरमा गया, जब प्रदर्शनकारियों ने राजस्व अधिकारी के खिलाफ कथित रूप से अपमानजनक और अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल किया। आपत्ति दर्ज कराने वाले व्यक्ति के खिलाफ भी कथित तौर पर अभद्र भाषा का प्रयोग किए जाने की बात सामने आई। हंगामा बढ़ने पर राजस्व अधिकारी गंगाराम टुडू मौके से चले गए। इसके बाद कुछ देर तक अंचल कार्यालय परिसर में अफरा-तफरी और गहमागहमी की स्थिति बनी रही।
किन्नर समाज के लोगों का दावा है कि भूदान यज्ञ समिति की ओर से उन्हें जमीन का पर्चा दिया गया है और जमीन पर उनका दखल-कब्जा भी है। उन्होंने जमीन की रसीद निर्गत करने तथा दाखिल-खारिज की प्रक्रिया नियमानुसार पूरी करने की मांग की।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि वे आर्थिक रूप से कमजोर हैं और अपने काम-धंधे के माध्यम से परिवार का भरण-पोषण करते हैं। लगातार सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने से उन्हें आर्थिक और मानसिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर शीघ्र समाधान की मांग की।
इस संबंध में अंचल अधिकारी राहुल कुमार ने बताया कि मामला भूदान यज्ञ समिति द्वारा दी गई भूमि से संबंधित है। मामले की जांच कराई जा रही है। भूमि के स्वामित्व, राजस्व अभिलेख और दखल-कब्जे की स्थिति स्पष्ट होने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



