जिले की सभी पंचायतों में निकाला गया कैंडल मार्च, हजारों महिला-पुरुषों ने बाल विवाह रोकने की ली शपथ
वीरेंद्र चौहान, समाज जागरण ब्यूरो, किशनगंज।
किशनगंज। भारत को वर्ष 2030 तक बाल विवाह मुक्त बनाने के संकल्प के साथ अंतरराष्ट्रीय बाल विवाह निषेध दिवस पर किशनगंज में गुरुवार को व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया। जिला प्रशासन और नागरिक समाज संगठन जस्ट राइट्स फॉर चिल्ड्रेन की सहयोगी संस्था जन निर्माण केंद्र के संयुक्त तत्वावधान में खेल भवन में एक दिवसीय उन्मुखीकरण एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
जिला पदाधिकारी के निर्देश पर बाल विकास परियोजना पदाधिकारी की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई। इस दौरान उपस्थित लोगों ने बाल विवाह को जड़ से समाप्त करने की शपथ ली। जिले की सभी पंचायतों में कैंडल मार्च निकालकर लोगों को बाल विवाह के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया गया। इन मार्चों में हजारों महिला-पुरुषों ने भाग लिया और बाल विवाह रोकने का संकल्प लिया।
बाल विवाह से बचाई गई लड़कियों और महिला नेतृत्वकर्ताओं ने लिया हिस्सा
कार्यक्रम में बाल विवाह से बचाई गई लड़कियों, बाल विवाह रुकवाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाली महिलाओं तथा जमीनी स्तर पर सामाजिक बदलाव लाने वाली महिला नेतृत्वकर्ताओं ने भाग लिया। जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए धर्मगुरुओं ने भी बाल विवाह के खिलाफ एकजुटता प्रदर्शित की।
जन निर्माण केंद्र के सचिव राकेश कुमार सिंह ने कहा कि उनकी संस्था पिछले तीन वर्षों से सरकार और जस्ट राइट्स फॉर चिल्ड्रेन के साथ मिलकर बाल विवाह उन्मूलन के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि बाल विवाह के खिलाफ शुरू हुई मुहिम अब वैश्विक आंदोलन का रूप ले रही है।
बेटियों को बचपन, शिक्षा और भविष्य चुनने का अधिकार मिले
महिला एवं बाल विकास निगम के जिला समन्वयक शाहबाज आलम ने कहा कि बाल विवाह के खिलाफ अभियान केवल एक सामाजिक अपराध को समाप्त करने का प्रयास नहीं है, बल्कि देश की बच्चियों को उनका बचपन, शिक्षा और अपने भविष्य का चुनाव करने का अधिकार दिलाने की लड़ाई है।
उन्होंने कहा कि विकसित भारत का सपना तभी साकार होगा, जब बेटियां शिक्षित, सशक्त और आत्मनिर्भर बनेंगी। बाल विवाह इस दिशा में बड़ी बाधा है। सरकार, प्रशासन और समाज के सामूहिक प्रयासों से किशनगंज को बाल विवाह मुक्त जिला बनाया जा सकता है।
संयुक्त राष्ट्र स्तर पर मिली मुहिम को मान्यता
जन निर्माण केंद्र के सचिव राकेश कुमार सिंह ने बताया कि चार सितंबर को संयुक्त राष्ट्र महासभा ने सर्वसम्मति से 27 नवंबर को ‘बाल, कम उम्र और जबरन विवाह के उन्मूलन के लिए अंतरराष्ट्रीय दिवस’ घोषित करने का प्रस्ताव स्वीकार किया था।
उन्होंने इसे जस्ट राइट्स फॉर चिल्ड्रेन और उसके संस्थापक भुवन ऋभु के वर्षों के प्रयासों की बड़ी वैश्विक उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि भारत में बाल विवाह रोकने के लिए शुरू हुई मुहिम को संयुक्त राष्ट्र के स्तर पर मान्यता मिलना देश के लिए गर्व की बात है। यह साबित करता है कि स्थानीय स्तर पर शुरू हुआ सामाजिक बदलाव सामूहिक प्रयासों से वैश्विक आंदोलन बन सकता है।
कार्यक्रम में जिले के सभी बाल विकास परियोजना पदाधिकारी, महिला पर्यवेक्षिकाएं, एएनएम, जिला विधिक सेवा प्राधिकार के प्रतिनिधि, महिला एवं बाल विकास निगम के सुशील झा सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
वीरेंद्र चौहान, समाज जागरण ब्यूरो, किशनगंज।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.