चोरी का लैपटॉप, गैस सिलिंडर और इलेक्ट्रिक आयरन समेत पांच सामान बरामद, अन्य चोरी की घटनाओं में संलिप्तता की जांच जारी
वीरेंद्र चौहान, समाज जागरण ब्यूरो, किशनगंज।
किशनगंज। खगड़ा स्थित भवन निर्माण विभाग के निरीक्षण भवन में हुई चोरी की घटना का पुलिस ने खुलासा करते हुए नौ आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी का डेल कंपनी का लैपटॉप, गैस सिलिंडर, इलेक्ट्रिक आयरन सहित पांच सामान बरामद किए हैं। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर जिले में हुई अन्य चोरी की घटनाओं में उनकी संलिप्तता की भी जांच कर रही है।
पुलिस के अनुसार, 19 नवंबर 2026 को भवन निर्माण विभाग के निरीक्षण भवन में चोरी की घटना हुई थी। भवन प्रमंडल किशनगंज में पदस्थापित पंकज कुमार सिंह ने इस संबंध में पुलिस को लिखित आवेदन दिया था। आवेदन में बताया गया था कि भवन बंद रहने के दौरान चोर लैपटॉप, पेन ड्राइव, आठ हजार रुपये नकद, गैस सिलिंडर सहित अन्य सामान चोरी कर ले गए थे।
मामले में किशनगंज थाना कांड संख्या 1266/26, दिनांक 21 नवंबर 2026 को भारतीय न्याय संहिता की धारा 305(ए) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर मामले के उद्भेदन के लिए पुलिस टीम गठित की गई। अनुसंधान के दौरान मिली सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने 26 नवंबर को कार्रवाई करते हुए नौ आरोपियों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान करण कुमार सैनी (18), रोहित कुमार (19), मो. जाहिद (25), अंकित कुमार (22), मो. सद्दाम (32), अब्दुल हाशमी (27), मो. समीर (18), सूरज शर्मा (28) और रामा कुमार (20) के रूप में हुई है। सभी आरोपी किशनगंज थाना क्षेत्र के अलग-अलग मोहल्लों के निवासी बताए गए हैं।
आरोपियों की निशानदेही पर बरामदगी
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर अब्दुल हाशमी के घर से गैस सिलिंडर, मो. समीर के पास से इलेक्ट्रिक आयरन और इलेक्ट्रिकल सामान तथा अंकित कुमार के पास से डेल कंपनी का लैपटॉप बरामद किया है। पुलिस की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, कुल पांच सामान जब्त किए गए हैं।
चोरी गए अन्य सामान की बरामदगी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है। साथ ही गिरफ्तार आरोपियों के आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है।
अन्य चोरी की घटनाओं में भूमिका की जांच
पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि गिरफ्तार आरोपियों की जिले में हुई अन्य गृहभेदन और चोरी की घटनाओं में कोई भूमिका रही है या नहीं। पूछताछ के आधार पर मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।
इस कार्रवाई में पुलिस निरीक्षक अविनाश कुमार के नेतृत्व में पुलिस निरीक्षक रामबलेश्वर राय, मुकेश कुमार, अनुसंधानकर्ता पुलिस अवर निरीक्षक प्रिंस कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक बज्जू कुमार, विक्रम कुमार, सरवर इमाम, जयराम बिंद कुमार तथा किशनगंज थाना के सशस्त्र बल शामिल थे।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.