वीरेंद्र चौहान, समाज जागरण ब्यूरो किशनगंज
किशनगंज व्यवहार न्यायालय को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद पूरे जिला प्रशासन में हड़कंप मच गया। धमकी मिलते ही पुलिस प्रशासन अलर्ट मोड में आ गया और एहतियातन न्यायालय परिसर की सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई। साथ ही न्यायालय की सभी न्यायिक कार्यवाहियों को अस्थायी रूप से स्थगित कर दिया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, जिला एवं सत्र न्यायाधीश के सरकारी ई-मेल आईडी पर दिनांक 08 जनवरी 2026 को सुबह 9 बजकर 57 मिनट पर एक धमकी भरा ई-मेल प्राप्त हुआ। इसके बाद तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस प्रशासन ने कोर्ट परिसर को खाली कराया और पूरे क्षेत्र को सुरक्षा घेरे में ले लिया।
डॉग स्क्वायड और बम निरोधक दस्ते द्वारा व्यवहार न्यायालय परिसर की सघन तलाशी ली जा रही है। वहीं, किशनगंज के पुलिस अधीक्षक और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी स्वयं मौके पर पहुंचकर स्थिति की निगरानी और जांच में जुटे हुए हैं।
पुलिस अधीक्षक सागर कुमार ने बताया कि 08 जनवरी 2026 को सिविल कोर्ट, किशनगंज के सरकारी ई-मेल पर बम से संबंधित धमकी प्राप्त हुई थी। इसके बाद त्वरित कार्रवाई करते हुए कोर्ट परिसर की गहन सुरक्षा जांच कराई गई। अब तक किसी भी प्रकार की संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई है। एहतियातन कोर्ट परिसर और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत की गई है। स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है तथा मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।



