google-site-verification: google2b21991adbe5cec3.html

किशनगंज में 83,022 मीट्रिक टन धान खरीद का लक्ष्य निर्धारित, पिछले साल से 5,479 मीट्रिक टन अधिक

डीएम नवीन कुमार ने पैक्स अध्यक्षों के साथ की बैठक, किसानों के निबंधन में तेजी लाने और समितियों की बकाया राशि भुगतान का दिया निर्देश

वीरेंद्र चौहान, समाज जागरण ब्यूरो, किशनगंज।
धान अधिप्राप्ति विपणन वर्ष 2026-27 को लेकर गुरुवार को जिला पदाधिकारी नवीन कुमार की अध्यक्षता में जिले के पैक्स अध्यक्षों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में धान खरीद की तैयारियों, विभागीय दिशा-निर्देशों और अधिप्राप्ति के दौरान आने वाली समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

इस वर्ष किशनगंज जिले में 83,022 मीट्रिक टन धान खरीद का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, जो पिछले वर्ष के 77,543 मीट्रिक टन की तुलना में 5,479 मीट्रिक टन अधिक है। अधिप्राप्त धान के एवज में 56,324 मीट्रिक टन चावल (सीएमआर) जमा करना होगा। इसमें 49,566 मीट्रिक टन सामान्य उसना और 6,759 मीट्रिक टन सामान्य अरवा चावल शामिल है।

बैठक में बताया गया कि इस वर्ष कृषि विभाग के एग्रीस्टैक पोर्टल पर निबंधित किसानों से ही उनकी अपलोड की गई भूमि संबंधी विवरणी के आधार पर धान की खरीद की जाएगी। रैयती किसानों से अधिकतम 250 क्विंटल तथा गैर रैयती किसानों से अधिकतम 100 क्विंटल धान खरीद की सीमा निर्धारित की गई है। पैक्स एवं व्यापार मंडलवार खरीद का लक्ष्य क्षेत्र में धान उत्पादन के वास्तविक आंकड़ों के आधार पर तय किया जाएगा। राज्य स्तर पर पिछले तीन खरीफ वर्षों के औसत धान उत्पादन को आधार बनाया गया है। इसके तहत किशनगंज जिले के लिए प्रति हेक्टेयर 39 क्विंटल धान का औसत निर्धारित किया गया है।
बैठक के दौरान पैक्स अध्यक्षों ने धान अधिप्राप्ति में आ रही समस्याओं से डीएम को अवगत कराया। दिघलबैंक पैक्स अध्यक्ष ने एग्रीस्टैक पोर्टल पर किसानों के निबंधन के दौरान भूमि विवरण अपलोड करने में आ रही परेशानी उठाई। इस पर डीएम ने संबंधित पदाधिकारियों को समस्याओं का समाधान कराने का निर्देश दिया। वहीं, जिला कृषि पदाधिकारी को अधिक से अधिक किसानों का जल्द निबंधन सुनिश्चित कराने को कहा।

इसके अलावा मिलिंग, हथालन और परिवहन की दरों का लंबे समय से पुनरीक्षण नहीं होने, मिलों से समितियों की संबद्धता में समिति का मंतव्य लेने तथा पड़ोसी राज्यों में धान चले जाने से संबंधित समस्याओं पर भी चर्चा हुई। डीएम ने विगत वर्षों में समितियों की बकाया राशि का भुगतान सुनिश्चित कराने का निर्देश जिला प्रबंधक, राज्य खाद्य निगम को दिया।
बैठक में पूर्णिया डिस्ट्रिक्ट सेंट्रल को-ऑपरेटिव बैंक के अध्यक्ष ने पैक्स अध्यक्षों के साथ धान अधिप्राप्ति को लेकर बैठक आयोजित करने के लिए डीएम के प्रति आभार जताया। इस अवसर पर अपर समाहर्ता सह अधिप्राप्ति नोडल पदाधिकारी, जिला सहकारिता पदाधिकारी, जिला कृषि पदाधिकारी, जिला प्रबंधक राज्य खाद्य निगम, जिले के सभी पैक्स अध्यक्ष एवं अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।


Discover more from समाज जागरण

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Leave a Reply

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)