बाल विवाह, घरेलू हिंसा, दहेज उत्पीड़न और महिला सुरक्षा जैसे मुद्दों पर दी गई जानकारी
वीरेंद्र चौहान, समाज जागरण ब्यूरो, किशनगंज।
जिला पदाधिकारी नवीन कुमार के निर्देशानुसार गुरुवार को कोचाधामन प्रखंड अंतर्गत आंगनबाड़ी केंद्र संख्या-97 में महिला एवं बाल विकास निगम, बिहार के तत्वावधान में महिलाओं एवं किशोरियों के लिए जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा, सम्मान एवं आत्मनिर्भरता के प्रति जागरूक करना था।
कार्यक्रम में महिलाओं एवं किशोरियों को केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं, महिला सशक्तीकरण, बालिका शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण तथा आर्थिक स्वावलंबन से संबंधित जानकारी दी गई। इस दौरान बाल विवाह, घरेलू हिंसा, दहेज उत्पीड़न, कार्यस्थल पर यौन उत्पीड़न, लैंगिक हिंसा और मानव तस्करी जैसे गंभीर सामाजिक मुद्दों पर भी विस्तार से चर्चा की गई।
जेंडर विशेषज्ञ सुशील कुमार झा, बीबी चमन आरा, केस वर्कर देविका कुमारी एवं महिला पर्यवेक्षिका ऋतु रानी ने महिलाओं को उनके अधिकारों और सुरक्षा के लिए उपलब्ध सहायता सेवाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार के शोषण या उत्पीड़न को चुपचाप सहन नहीं करना चाहिए, बल्कि संबंधित विभाग से संपर्क कर सहायता प्राप्त करनी चाहिए।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री कन्या उत्थान योजना, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान और मिशन शक्ति सहित विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। साथ ही महिलाओं को शिक्षा, कौशल विकास और स्वरोजगार के माध्यम से आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया गया।
जिला पदाधिकारी नवीन कुमार ने अपने संदेश में कहा कि महिलाओं का सशक्तीकरण विकसित एवं समृद्ध समाज की आधारशिला है। महिलाओं के शिक्षित, जागरूक, सुरक्षित और आत्मनिर्भर होने से ही परिवार एवं समाज का समग्र विकास संभव है। उन्होंने बाल विवाह, दहेज प्रथा और घरेलू हिंसा जैसी कुरीतियों के खिलाफ सामूहिक प्रयास करने की अपील की।
वहीं, डीपीओ-सह-नोडल पदाधिकारी, महिला एवं बाल विकास निगम, किशनगंज वंदना पांडेय ने कहा कि महिलाओं को उनके अधिकारों और सरकारी योजनाओं की जानकारी देना सशक्तीकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने महिलाओं से स्वयं जागरूक बनने के साथ अपने परिवार और समाज की अन्य महिलाओं को भी जागरूक करने की अपील की।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



