google-site-verification: google2b21991adbe5cec3.html

किशनगंज पुलिस को बड़ी सफलता, अंतर्राज्यीय चोर गिरोह का पर्दाफाश

वीरेंद्र चौहान, समाज जागरण ब्यूरो किशनगंज।
किशनगंज पुलिस ने जिले में हुई कई गृहभेदन (घर में चोरी) की घटनाओं का खुलासा करते हुए अंतर्राज्यीय चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने पश्चिम बंगाल के उत्तर दिनाजपुर जिले में छापेमारी कर गिरोह के एक सदस्य को चोरी के मोबाइल फोन के साथ गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की निशानदेही पर जिले के कई चोरी के मामलों के खुलासे का दावा किया गया है। वहीं, गिरोह के अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है।


पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार के निर्देश पर जिले में गृहभेदन की घटनाओं पर अंकुश लगाने, लंबित मामलों के उद्भेदन तथा अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 29 जून 2026 को जिला आसूचना इकाई को तकनीकी एवं मानवीय सूचना के आधार पर गृहभेदन की घटनाओं में संलिप्त एक अंतर्राज्यीय चोर गिरोह के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी मिली।


सूचना के सत्यापन के बाद अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी-2 मनोज कुमार सिंह के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने पश्चिम बंगाल के उत्तर दिनाजपुर जिले के इस्लामपुर थाना क्षेत्र (रामगंज ओपी) अंतर्गत जागीरगच्छ कुचला गांव में छापेमारी कर मोहम्मद रज्जाक (पिता- हकीमुद्दीन) को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक चोरी का मोबाइल फोन बरामद किया गया।


पुलिस के अनुसार बरामद मोबाइल सुखानी थाना कांड संख्या 34/26, दिनांक 13 मई 2026, में भारतीय न्याय संहिता की धारा 331(2) एवं 305 के तहत दर्ज गृहभेदन एवं चोरी के मामले से संबंधित है। मोबाइल की बरामदगी के साथ इस मामले का सफल उद्भेदन हो गया।


पूछताछ के दौरान गिरफ्तार आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने किशनगंज जिले के कुछ अन्य अपराधियों के साथ मिलकर कई गृहभेदन की घटनाओं को अंजाम दिया है। आरोपी से मिली जानकारी के आधार पर जिले के कई अन्य मामलों के भी खुलासे का दावा पुलिस ने किया है। पुलिस गिरोह के फरार सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है।


बरामदगी: एक चोरी का मोबाइल फोन।
इस कार्रवाई में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी-2 मनोज कुमार सिंह, जिला आसूचना इकाई के प्रभारी निरीक्षक मोहम्मद मुश्ताक, पोठिया थानाध्यक्ष कैप्टन संजय पांडेय, पहाड़कट्टा थानाध्यक्ष फुलेन्द्र कुमार, कुर्लीकोट थानाध्यक्ष अभिषेक कुमार, सुखानी थानाध्यक्ष मन्नु कुमारी, गलगलिया थानाध्यक्ष राकेश कुमार, पुलिस पदाधिकारी मनीषा कुमारी, जिला आसूचना इकाई की टीम एवं सुखानी थाना के सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।


Discover more from समाज जागरण

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Leave a Reply

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)