घर की लिपाई के लिए मिट्टी लेने गई थीं तीनों चचेरी बहनें, अचानक भरभराकर ढहा टीला; मलबे में दबने से गई जान, गांव में पसरा मातम
समाज जागरण | वीरेंद्र चौहान, ब्यूरो किशनगंज
दिघलबैंक (किशनगंज)। बिहार के किशनगंज जिले के दिघलबैंक प्रखंड अंतर्गत सुल्तानगंज गांव में बुधवार को एक हृदयविदारक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। घर की लिपाई-पोताई के लिए मिट्टी लेने गई तीन मासूम बच्चियों की मिट्टी का टीला धंसने से दर्दनाक मौत हो गई। तीनों बच्चियां मलबे के नीचे दब गई थीं। ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद उन्हें बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी सांसें थम चुकी थीं। एक ही परिवार की तीन बेटियों की मौत से गांव में मातम पसरा हुआ है।
मृत बच्चियों की पहचान जमदेश आलम की पुत्रियों नगमा प्रवीण (10 वर्ष) और निशा प्रवीण (9 वर्ष) तथा उनके सगे भाई फरियाद आलम की पुत्री रूबी खातून (8 वर्ष) के रूप में हुई है। तीनों आपस में चचेरी बहनें थीं।
घर की लिपाई के लिए मिट्टी लेने गई थीं बच्चियां
मिली जानकारी के अनुसार, बुधवार दोपहर तीनों बच्चियां घर की लिपाई-पोताई के लिए मिट्टी लाने गांव के समीप गई थीं। इसी दौरान अचानक मिट्टी का एक बड़ा टीला भरभराकर ढह गया। देखते ही देखते तीनों बच्चियां मिट्टी के भारी मलबे के नीचे दब गईं। बच्चियों की चीख-पुकार सुनकर आसपास खेतों में काम कर रहे ग्रामीण घटनास्थल की ओर दौड़े। ग्रामीणों ने बिना देर किए मिट्टी हटाकर बच्चियों को बाहर निकालने का प्रयास शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद तीनों को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
बारिश के कारण कमजोर हुआ था मिट्टी का टीला!
स्थानीय लोगों के अनुसार, हाल के दिनों में हुई बारिश के कारण मिट्टी में नमी आ गई थी। आशंका जताई जा रही है कि मिट्टी के भीतर नमी और खोखलेपन के कारण टीला कमजोर हो गया था। इसी वजह से अचानक उसका बड़ा हिस्सा ढह गया और तीनों बच्चियां उसकी चपेट में आ गईं। हालांकि, हादसे के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
एक साथ तीन बेटियों की मौत से परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
एक ही परिवार की तीन मासूम बच्चियों की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। माता-पिता और परिवार के अन्य सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण पीड़ित परिवार के घर पहुंचने लगे। पूरे सुल्तानगंज गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
मौके पर पहुंची पुलिस
घटना की सूचना मिलने पर दिघलबैंक थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हादसे की जानकारी ली। इस दर्दनाक घटना ने पूरे क्षेत्र को गमगीन कर दिया है। जिन घरों में कुछ दिन पहले तक बच्चियों की हंसी-खिलखिलाहट गूंजती थी, वहां अब मातम और सन्नाटा पसरा हुआ है।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



