*गुन्नौर में दंपति का बस स्टैंड पर छूटा था बैग, पुलिस ने दस्तावेजों से तलाश कर लौटाया पूरा सामान**
समाज जागरण यशवीर यादव।** गुन्नौर नगर के नेहरू चौक पर रविवार सुबह दिल्ली जाने के लिए बस का इंतजार कर रहे दंपति का जेवरात, मोबाइल और कपड़ों से भरा बैग छूट गया। बैग में लाखों रुपये का सामान था। काफी तलाश के बाद भी जब बैग नहीं मिला तो दंपति ने उसके मिलने की उम्मीद लगभग छोड़ दी। इसी बीच नगर निवासी राकेश को बैग मिला। उन्होंने उसमें जेवरात और मोबाइल देखकर बिना किसी लालच के बैग गुन्नौर कोतवाली पुलिस को सौंप दिया।

जानकारी के अनुसार फजल मोहल्ला निवासी इमरान अपनी पत्नी मीना बेगम के साथ मजदूरी के लिए दिल्ली जाने को नेहरू चौक पर बस का इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान उनका बैग वहीं छूट गया। कुछ दूर जाने पर उन्हें बैग छूटने का पता चला। उन्होंने आसपास काफी तलाश की, लेकिन बैग नहीं मिला।
इसी बीच नगर निवासी **राकेश पुत्र किशनपाल** को नेहरू चौक पर बैग मिला। बैग खोलने पर उसमें सोने-चांदी के जेवरात, मोबाइल, कपड़े और अन्य सामान देखकर उन्होंने गुन्नौर कोतवाली पुलिस को सूचना दी और बैग पुलिस के सुपुर्द कर दिया।
कार्यवाहक थाना प्रभारी **योगेश कुमार** ने कांस्टेबल कुनाल मलिक, अनिल कुमार और सुनील के साथ बैग में मिले दस्तावेजों के आधार पर दंपति से संपर्क किया। इसके बाद इमरान और मीना को कोतवाली बुलाकर उनका बैग वापस सौंप दिया गया।
बैग में **तीन सोने की अंगूठियां, कुंडल, चांदी की पायल, छल्ला, नाक की नथ, पीली धातु के आभूषण, कपड़े, मोबाइल समेत लाखों रुपये का सामान** सुरक्षित मिला।
बैग वापस मिलने पर मीना की आंखों में आंसू आ गए। उन्होंने कहा कि कई वर्षों की मेहनत की कमाई इसी बैग में थी और बैग मिलने की उम्मीद लगभग छोड़ दी थी। उन्होंने राकेश की ईमानदारी के लिए आभार जताते हुए कहा कि उनका यह उपकार वह हमेशा याद रखेंगी।
दंपति ने कार्यवाहक थाना प्रभारी योगेश कुमार, पुलिसकर्मियों, राकेश और उनकी पत्नी माला देवी का आभार जताया। वहीं क्षेत्र के लोगों ने भी राकेश की ईमानदारी और मानवता की जमकर सराहना की।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



