google-site-verification: google2b21991adbe5cec3.html

पटना में बन्द घर से लाखों की चोरी

समाज जागरण पटना जिला संवाददाता:- वेद प्रकाश

पटना/ जिले के दानापुर स्थित इमलीतल वार्ड संख्या 24 में बीती गुरुवार रात मोहम्मद जावेद उर्फ गुड्डू के बंद पड़े घर को निशाना बनाकर चोरों ने न सिर्फ ताला तोड़ा, बल्कि अलमारी और गोदरेज तोड़कर डेढ़ लाख रुपये नगद और सोने-चांदी के कीमती जेवरात भी चुरा ले गए। घर के मालिक का परिवार चंडीगढ़ गया हुआ था, ऐसे में पूरे घर के सूने होने का फायदा उठाकर चोरों ने बिना किसी बाधा के इस घटना को अंजाम दिया। जानकारी के अनुसार शुक्रवार की सुबह इलाके के लोगों की नजर घर के मुख्य दरवाजे पर गई, जो टूटा हुआ था। यह देखकर उन्हें तुरंत शक हुआ कि घर में चोरी हुई है। पड़ोस में रहने वाले रेयाज अहमद को इस घटना की जानकारी दी गई। रेयाज जब मोहल्लेवासियों के साथ मौके पर पहुंचे, तो स्थिति और भी स्पष्ट हो गई। दूसरे तल पर बने कमरे का ताला टूटा पड़ा था, अलमारी और गोदरेज पूरी तरह क्षतिग्रस्त थे और कमरे का सारा सामान इधर-उधर बिखरा हुआ था। स्पष्ट था कि चोरों ने घर की तलाशी बारीकी से ली थी और कीमती सामान निकालकर ले गए थे। रेयाज अहमद के अनुसार जब उन्होंने फोन पर जावेद से बात की तो जावेद ने बताया कि गोदरेज में लगभग डेढ़ लाख रुपये नकद रखे थे। इसके अलावा उनकी पत्नी के सोने और चांदी के कई प्रकार के गहने भी वहीं रखे हुए थे। हालांकि जेवरों की वास्तविक कीमत का आकलन जावेद के लौटने पर ही संभव होगा लेकिन अनुमान लगाया जा रहा है कि कुल चोरी की रकम लाखों में होगी। परिवार के शहर से बाहर होने के कारण चोरों ने बिना किसी डर के घर को निशाना बनाया। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस को बुलाया गया। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। दानापुर थानाध्यक्ष ने बताया कि मामला गंभीर है और इसे पूरी प्राथमिकता के साथ देखा जा रहा है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज को खंगाल रही है ताकि संदिग्धों की पहचान की जा सके। चोरी किस समय और किस तरीके से हुई यह पता लगाने के लिए तकनीकी जांच भी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि आवेदन मिलने के बाद मामले को विधिवत दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू की जाएगी।


Discover more from समाज जागरण

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)