google-site-verification: google2b21991adbe5cec3.html

मनुष्य के स्वभाव की दो ही श्रेणियां—दैवीय और आसुरी, कर्मों से होती है पहचान : अरुण चौबे*

शांति-प्रेम कुटीर में ‘यथार्थ गीता’ पर हुई आध्यात्मिक परिचर्चा, काम, क्रोध और लोभ को बताया नरक का मूल द्वार
•~ गीता के संदेशों को आत्मसात कर दैवीय गुणों को जीवन में उतारने का किया आह्वान

समाज जागरण/ तहसील संवाददाता अवधेश कुमार गुप्ता

सोनभद्र। मनुष्य की पहचान उसकी जाति, धर्म, देश अथवा जन्मस्थान से नहीं, बल्कि उसके आचरण, विचार और कर्मों से होती है। संसार में मनुष्यों के स्वभाव की मूलतः दो श्रेणियां हैं—दैवीय और आसुरी।

जब मनुष्य के हृदय में दैवीय संपदा का प्रभाव होता है तो उसके आचरण में देवत्व झलकता है, वहीं आसुरी संपदा की प्रधानता उसे पतन की ओर ले जाती है। यह आध्यात्मिक विचार घोरावल तहसील क्षेत्र के धनावल गांव स्थित शांति-प्रेम कुटीर में गुरुवार को आयोजित ‘यथार्थ गीता’ परिचर्चा के दौरान सामने आया।परमहंस स्वामी अड़गड़ानंद जी महाराज द्वारा रचित गीता भाष्य ‘यथार्थ गीता’ पर आयोजित परिचर्चा का शुभारंभ करते हुए स्वामी अड़गड़ानंद जी महाराज के भक्त एवं गीता जयंती समारोह सोनभद्र के स्वागत सचिव अरुण चौबे ने गीता के श्लोकों का संदर्भ देते हुए कहा कि जब हृदय में दैवीय संपदा कार्यरूप में परिणत हो जाती है तो मनुष्य का जीवन देवत्व की ओर अग्रसर होता है।

इसके विपरीत जब आसुरी संपदा का बाहुल्य हो जाता है तो मनुष्य स्वयं अपने आचरण से आसुरी प्रवृत्तियों को धारण कर लेता है।उन्होंने कहा कि श्रीमद्भगवद्गीता के अनुसार सृष्टि में स्वभाव की दृष्टि से यही दो प्रवृत्तियां प्रमुख हैं। व्यक्ति चाहे अरब में पैदा हुआ हो या ऑस्ट्रेलिया में, उसका वास्तविक स्वरूप उसके गुणों और कर्मों से निर्धारित होता है। गीता में आसुरी प्रवृत्ति वाले मनुष्यों के लक्षणों का वर्णन करते हुए कहा गया है कि अनेक प्रकार के भ्रमों में उलझा हुआ, मोहजाल में फंसा और विषय-भोगों में अत्यधिक आसक्त मनुष्य अंततः पतन की ओर चला जाता है।


*काम, क्रोध और लोभ ही नरक के तीन मूल द्वार*
परिचर्चा को आगे बढ़ाते हुए विकास चौबे ने कहा कि श्रीमद्भगवद्गीता में काम, क्रोध और लोभ को नरक के तीन प्रमुख द्वार बताया गया है। ये तीनों प्रवृत्तियां मनुष्य के विवेक को नष्ट कर उसे अधोगति की ओर ले जाती हैं। इसलिए आत्मकल्याण और परम कल्याण के इच्छुक व्यक्ति को इन तीनों विकारों का त्याग करना चाहिए।उन्होंने कहा कि मनुष्य जब काम, क्रोध और लोभ जैसी आसुरी प्रवृत्तियों से स्वयं को मुक्त करता है, तभी वह अपने नियत कर्मों का सही ढंग से निर्वहन कर पाता है।

यही आध्यात्मिक उन्नति और परम कल्याण का मार्ग है।परिचर्चा के दौरान उपस्थित लोगों ने यथार्थ गीता के आध्यात्मिक संदेशों पर विचार-विमर्श किया तथा जीवन में सदाचार, संयम, सद्भाव और आत्मानुशासन अपनाने पर बल दिया। कार्यक्रम में लल्लू यादव, बच्चा सहित अन्य लोगों ने भी सहभागिता करते हुए अपने विचार रखे।


*संदेश स्पष्ट है—* मनुष्य का वास्तविक उत्थान बाहरी पहचान से नहीं, बल्कि उसके भीतर मौजूद दैवीय गुणों और श्रेष्ठ कर्मों से होता है।


Discover more from समाज जागरण

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Leave a Reply

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)