नाव से नदी पार करने की मजबूरी होगी दूर, बहादुरगंज और किशनगंज आने-जाने में बचेगा समय
वीरेंद्र चौहान, समाज जागरण ब्यूरो
किशनगंज। बिहार के किशनगंज जिले के टेढ़ागाछ प्रखंड अंतर्गत मटियारी स्थित कनकई नदी घाट पर बांस-बल्लियों से निर्मित चचरी पुल बनकर तैयार हो गया है। पुल के तैयार होने से आसपास के ग्रामीणों में खुशी का माहौल है। अब लोगों को नदी पार करने के लिए नाव का इंतजार नहीं करना पड़ेगा। चचरी पुल के माध्यम से नदी के आर-पार आवागमन पहले की अपेक्षा आसान होने की उम्मीद है।
घाट ठेकेदार शेहरूल आलम ने बताया कि चचरी पुल बनने से टेढ़ागाछ प्रखंड क्षेत्र के लोगों को बहादुरगंज और किशनगंज आने-जाने में काफी सहूलियत मिलेगी। विशेष रूप से रोजमर्रा के कामकाज, बाजार, शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं और जिला मुख्यालय पहुंचने वाले लोगों को इसका लाभ मिलेगा।
उन्होंने बताया कि कनकई नदी के कारण क्षेत्र के ग्रामीणों को लंबे समय से आवागमन में परेशानी उठानी पड़ रही थी। नदी पार करने के लिए नाव का सहारा लेना पड़ता था, जिसमें समय की बर्बादी के साथ कई तरह की असुविधाएं भी होती थीं। अब चचरी पुल तैयार होने से ग्रामीणों को इन परेशानियों से काफी हद तक राहत मिलने की उम्मीद है।
हालांकि, बांस-बल्लियों से निर्मित यह अस्थायी पुल है। ऐसे में इस पर आवागमन करते समय लोगों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत होगी।
स्थायी आरसीसी पुल निर्माण की मांग
चचरी पुल तैयार होने पर ग्रामीणों ने राहत जताने के साथ कनकई नदी पर स्थायी उच्चस्तरीय आरसीसी पुल निर्माण की मांग भी दोहराई है। ग्रामीणों का कहना है कि अस्थायी पुल से फिलहाल आवागमन की समस्या कम होगी, लेकिन क्षेत्र को हर मौसम में सुरक्षित और सुगम यातायात सुविधा उपलब्ध कराने के लिए स्थायी पुल का निर्माण जरूरी है।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



