google-site-verification: google2b21991adbe5cec3.html

एमजीएम मेडिकल कॉलेज में महिला ने एक साथ दिया चार बच्चों को जन्म

वीरेंद्र चौहान, समाज जागरण ब्यूरो किशनगंज।
किशनगंज के माता गुजरी मेमोरियल (एमजीएम) मेडिकल कॉलेज में टेढ़ागाछ प्रखंड अंतर्गत भोरहा पंचायत, ग्राम भोरहा की रहने वाली जुली देवी ने एक साथ चार बच्चों को जन्म देकर सभी को चौंका दिया। यह एमजीएम मेडिकल कॉलेज के इतिहास में पहला मामला है, जब एक साथ चार बच्चों का सफल प्रसव कराया गया।


परिवार में पहले से एक बेटा और एक बेटी हैं। चार नए मेहमानों के आने से घर में अब कुल छह बच्चों की रौनक है। परिजनों ने इसे ईश्वर का अनुपम उपहार बताते हुए चिकित्सकों की टीम के प्रति आभार जताया। चार बच्चों का एक साथ जन्म चिकित्सकीय रूप से अत्यंत जटिल प्रक्रिया मानी जाती है। इस चुनौतीपूर्ण प्रसव को डॉ. चांदनी सहगल के नेतृत्व में विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने सफलतापूर्वक अंजाम दिया। टीम में डॉ. ईराम, डॉ. अभजोत, डॉ. रीता पॉल और डॉ. एसी जैन शामिल थे।


जन्म के समय वजन कम होने के कारण चारों नवजातों को फिलहाल एनआईसीयू में रखा गया है, जहां 24 घंटे चिकित्सकीय निगरानी की जा रही है। जच्चा और चारों बच्चे पूरी तरह सुरक्षित बताए जा रहे हैं।
एमजीएम मेडिकल कॉलेज के रजिस्ट्रार डॉ. इच्छित भारत ने बताया कि यह अस्पताल के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि परिवार की आर्थिक स्थिति को देखते हुए अस्पताल प्रशासन की ओर से हर संभव सहायता प्रदान की जा रही है।


Discover more from समाज जागरण

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)