समाज जागरण/ आदिवासी सुनील त्रिपाठी
सोनभद्र। पुलिस लाइन चुर्क कांफ्रेन्स हॉल में पुलिस अधीक्षक सोनभद्र श्री अभिषेक वर्मा की अध्यक्षता में सर्वप्रथम सैनिक सम्मेलन आयोजित किया गया, तत्पश्चात मासिक अपराध समीक्षा गोष्ठी की गयी, जिसमें अपर पुलिस अधीक्षक, समस्त क्षेत्राधिकारीगण, प्रतिसार निरीक्षक, समस्त थाना प्रभारी/थानाध्यक्ष एवं शाखा प्रभारीगण उपस्थित रहे।
सैनिक सम्मेलन
सैनिक सम्मेलन के दौरान पुलिस अधीक्षक द्वारा पुलिस कर्मियों की समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुना गया तथा उनके त्वरित एवं न्यायसंगत निस्तारण हेतु संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया। पुलिस कर्मियों के आवास, अवकाश, चिकित्सा, वेतन, ड्यूटी रोस्टर, संसाधनों की उपलब्धता एवं पारिवारिक समस्याओं से संबंधित प्रार्थना पत्रों पर विचार करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। महोदय द्वारा पुलिस बल का मनोबल उच्च बनाए रखने, अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा एवं जनसामान्य के प्रति संवेदनशील व्यवहार बनाए रखने पर विशेष बल दिया गया।
मासिक अपराध समीक्षा गोष्ठी
तत्पश्चात आयोजित मासिक अपराध समीक्षा गोष्ठी में जनपद में विगत 03 वर्षों के भादवि/निरोधात्मक अपराध आंकड़ों की समीक्षा की गयी। साथ ही 03 माह से अधिक समय से लंबित विवेचनाओं, जनपद में लंबित एसआर प्रकरणों के निस्तारण, तथा एसआर व अन्य वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी की प्रगति का अवलोकन किया गया।
बैठक में पुरस्कार घोषित अपराधियों की गतिविधियों की समीक्षा करते हुए उनकी शीघ्र गिरफ्तारी हेतु विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। इसके अतिरिक्त जनपद तथा पुलिस मुख्यालय स्तर से चिन्हित एनडीपीएस एक्ट के अपराधियों के विरुद्ध PIT NDPS Act एवं ANTF मुख्यालय स्तर से चिन्हित अपराधियों के विरुद्ध 68F NDPS Act के अंतर्गत की गई कार्यवाहियों की समीक्षा की गई।
साथ ही ऑपरेशन दमन के अंतर्गत थानों के मालखानों में लंबित अवैध मादक पदार्थों के निस्तारण की समीक्षा की गई तथा निरोधात्मक कार्यवाही में शिथिलता बरतने वाले थानों के थाना प्रभारियों से स्पष्टीकरण प्राप्त करने के निर्देश दिए गए।
तकनीकी पोर्टलों की समीक्षा करते हुए CEIR Portal पर मोबाइल बरामदगी प्रतिशत, साइबर फ्रॉड से संबंधित धनराशि की रिकवरी एवं फ्रीज प्रतिशत, तथा SID Portal पर विवेचनाओं की शत-प्रतिशत लिंकिंग की स्थिति का अवलोकन किया गया। इसके साथ ही गो-तस्करी में संलिप्त अपराधियों के विरुद्ध कार्यवाही, तथा जनपद के थानों द्वारा की गई अवैध मादक पदार्थ एवं अवैध शराब की बड़ी बरामदगी की थाना-वार समीक्षा की गई।
जनसुनवाई से संबंधित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए IGRS Online, PG Portal, CM संदर्भ एवं CM हेल्पलाइन 1076 पर प्राप्त शिकायतों के निस्तारण की स्थिति का अवलोकन किया गया तथा उनके समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए गए।
इसके अतिरिक्त YAKSH App के प्रशिक्षण, ऑपरेशन कन्विक्शन के अंतर्गत चिन्हित वादों की थाना-वार स्थिति, E-Sakshya Portal पर प्राप्त लंबित एवं निस्तारित प्रकरणों, तथा मा० न्यायालय से प्राप्त सम्मन, वारंट एवं एनबीडब्ल्यू की तामील की स्थिति की समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान बजट की समीक्षा, CCTNS में 60/90 दिवस के भीतर निस्तारित विवेचनाओं की स्थिति, जीएसटी फ्रॉड से संबंधित पंजीकृत अभियोगों, न्याय संहिता के क्रियान्वयन हेतु टैबलेट क्रय की स्थिति, प्रशिक्षु आरक्षियों के भौतिक व्यवस्थापन, तथा सोशल मीडिया पर पुलिस रेस्पॉन्स की समीक्षा भी की गई।
अंत में CAW/ITSSO Portal पर लंबित अभियोगों के थाना-वार निस्तारण की समीक्षा करते हुए सभी संबंधित अधिकारियों को प्रकरणों के शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए गए।
आगामी त्यौहारों के दृष्टिगत समीक्षा
आगामी त्यौहार चैत्र नवरात्रि/ईद-उल-फितर के दृष्टिगत जनपद के समस्त संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील स्थलों का पुनः चिन्हांकन, पूर्व में घटित विवादों का विश्लेषण, मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों में विशेष सतर्कता, पर्याप्त पुलिस बल एवं पीएसी की तैनाती, ड्यूटी चार्ट का पूर्व निर्धारण, फ्लैग मार्च एवं पैदल गश्त बढ़ाने, रात्रिकालीन गश्त सुदृढ़ करने, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स की सतत निगरानी, अफवाहों पर त्वरित खंडन एवं विधिक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही पीस कमेटी की बैठकों का आयोजन कर जनप्रतिनिधियों, धर्मगुरुओं एवं गणमान्य नागरिकों से संवाद स्थापित करने, डीजे/जुलूस/धार्मिक कार्यक्रमों की अनुमति प्रक्रिया का विधिवत अनुपालन कराने, उच्च ध्वनि विस्तारक यंत्रों पर नियमानुसार कार्यवाही करने, असामाजिक एवं अराजक तत्वों को चिन्हित कर उनके विरुद्ध प्रभावी निरोधात्मक कार्यवाही सुनिश्चित करने, पूर्व में चिन्हित विवादित व्यक्तियों पर विशेष निगरानी रखने एवं खुफिया तंत्र को सक्रिय रखने के निर्देश दिए गए।
पुलिस अधीक्षक द्वारा स्पष्ट किया गया कि त्यौहार आपसी प्रेम, भाईचारा एवं सौहार्द का प्रतीक हैं, अतः किसी भी व्यक्ति द्वारा माहौल बिगाड़ने का प्रयास किए जाने पर उसके विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्यवाही की जाएगी। जनपद सोनभद्र पुलिस शांति, सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने हेतु पूर्णतः प्रतिबद्ध ।



