सीएम की आज शाम अहम बैठक, अधिसूचना पर टिकी निगाहें
समाज जागरण पटना जिला संवाददाता:- वेद प्रकाश
पटना/ बिहार में शिक्षक भर्ती परीक्षा (TRE-4) के आयोजन और रिक्तियों की अधिसूचना जारी न होने को लेकर उपजा विवाद अब चरम पर है। अभ्यर्थियों के बढ़ते आंदोलन और विपक्ष के तीखे हमलों के बीच मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने स्थिति को संभालने के लिए आज शाम 5 बजे एक उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक बुलाई है। मुख्यमंत्री आवास पर होने वाली इस महत्वपूर्ण बैठक में शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी के अलावा शिक्षा विभाग और मुख्यमंत्री सचिवालय के वरिष्ठ अधिकारी शामिल होंगे। बैठक का मुख्य एजेंडा TRE-4 भर्ती प्रक्रिया की वर्तमान स्थिति की समीक्षा करना और अधिसूचना जारी करने में आ रही बाधाओं को दूर करना है। सरकार के इस कदम को अभ्यर्थियों के बढ़ते आक्रोश को शांत करने की दिशा में एक प्रयास के रूप में देखा जा रहा है। शिक्षक भर्ती का मुद्दा अब पूरी तरह राजनीतिक हो चुका है। हाल ही में पटना में प्रदर्शनकारी अभ्यर्थियों पर पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई और लाठीचार्ज के बाद विपक्ष सरकार पर आक्रामक है।
नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने सरकार को घेरते हुए कहा कि युवा केवल अपने हक की मांग कर रहे हैं, जो चुनाव के समय किया गया वादा था। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार युवाओं की आवाज को पुलिस बल के जरिए दबाना चाहती है, जो दुर्भाग्यपूर्ण है। साथ ही, उन्होंने अपने पिछले कार्यकाल का हवाला देते हुए दावा किया कि तब बिना किसी विवाद के लाखों शिक्षकों की नियुक्ति की गई थी, जबकि मौजूदा सरकार रिक्तियों को लेकर केवल टालमटोल कर रही है।प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं का कहना है कि सरकार के बार-बार दिए जा रहे आश्वासनों के बावजूद भर्ती प्रक्रिया शुरू नहीं हो रही है, जिससे उनका भविष्य अधर में है। छात्र संगठनों ने स्पष्ट कर दिया है कि यदि आज की बैठक में कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया, तो राज्यव्यापी आंदोलन को और तेज किया जाएगा। फिलहाल, बिहार की निगाहें मुख्यमंत्री की इस बैठक पर टिकी हैं कि क्या सरकार TRE-4 के लिए कोई बड़ा फैसला लेगी या विवाद और गहराएगा।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



