वीरेंद्र चौहान, समाज जागरण ब्यूरो किशनगंज।
7 अगस्त। किशनगंज लोकसभा क्षेत्र में वर्षों से लंबित पुल निर्माण की मांग को लेकर सांसद डॉ. मोहम्मद जावेद ने बिहार सरकार के पथ निर्माण मंत्री को पत्र लिखकर 10 महत्वपूर्ण पुल योजनाओं की प्रशासनिक स्वीकृति शीघ्र प्रदान करने का आग्रह किया है। उन्होंने कहा कि इन पुलों के निर्माण से लाखों लोगों को आवागमन की सुविधा मिलेगी तथा क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी।
सांसद ने अपने पत्र में उल्लेख किया है कि किशनगंज लोकसभा क्षेत्र नदियों से घिरा हुआ है। कई पंचायतों के लोगों को आज भी जिला मुख्यालय, अनुमंडल मुख्यालय एवं प्रखंड मुख्यालय तक पहुंचने के लिए जान जोखिम में डालकर नाव से नदी पार करनी पड़ती है। विशेषकर बाढ़ के मौसम में स्थिति और भी गंभीर हो जाती है। राशन, दवा, शिक्षा एवं अन्य आवश्यक सेवाओं तक पहुंचना कठिन हो जाता है, जिससे क्षेत्र की आर्थिक, सामाजिक एवं शैक्षणिक गतिविधियां भी प्रभावित होती हैं।
डॉ. जावेद ने कहा कि जनहित को देखते हुए इन सभी पुलों का निर्माण अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने सरकार से अनुरोध किया है कि प्रस्तावित सभी योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान कर निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ कराया जाए।
सांसद द्वारा जिन प्रमुख पुलों की मांग की गई है, उनमें पोठिया प्रखंड के भोटाथाना पंचायत स्थित निश्चितपुर घाट पर महानंदा नदी, बैसा प्रखंड के आशियानी पंचायत में रियाद अली धार, दिघलबैंक प्रखंड के पलसा घाट पर कनकई नदी, टेढ़ागाछ प्रखंड के हवाकोल पंचायत के सुहिया घाट पर रतवा नदी, बैसा प्रखंड के कनफलिया पंचायत के सिल्ला घाट पर महानंदा नदी, टेढ़ागाछ प्रखंड के चिलहनिया पंचायत के सुहिया घाट सहित बायसी एवं डगरूआ प्रखंड के विभिन्न स्थलों पर पुल निर्माण के प्रस्ताव शामिल हैं।
सांसद ने अपने पत्र की प्रतिलिपि पथ निर्माण विभाग के सचिव, बिहार राज्य पुल निर्माण निगम लिमिटेड, बिहार राज्य पथ विकास निगम लिमिटेड तथा संबंधित अभियंताओं को भी भेजते हुए सभी प्रस्तावित पुल योजनाओं पर शीघ्र आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का अनुरोध किया है।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



