google-site-verification: google2b21991adbe5cec3.html

मुंबई एयरपोर्ट पर टला बड़ा विमान हादसा

रनवे पर टकराए एयर इंडिया और इंडिगो के विमान, सभी यात्री सुरक्षित

मुंबई/नई दिल्ली। मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सोमवार को एक बड़ा विमान हादसा होते-होते टल गया। देश की दो प्रमुख एयरलाइंस एयर इंडिया और इंडिगो के यात्री विमान रनवे पर आपस में टकरा गए। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी भी यात्री या क्रू मेंबर को कोई चोट नहीं आई, हालांकि सुरक्षा कारणों से दोनों विमानों को तत्काल प्रभाव से ग्राउंड कर दिया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मुंबई से कोयंबटूर जा रही एयर इंडिया की फ्लाइट AI-2732 उड़ान भरने से पहले पुशबैक की स्थिति में थी। इसी दौरान हैदराबाद से मुंबई पहुंची इंडिगो की फ्लाइट 6E-791 लैंडिंग के बाद टैक्सी-वे से होते हुए पार्किंग की ओर बढ़ रही थी। इसी बीच दोनों विमानों के दाहिने पंख (राइट विंगटिप) एक-दूसरे से टकरा गए।

टक्कर के बाद विमान में हल्का झटका महसूस हुआ, जिससे कुछ देर के लिए यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) और ग्राउंड स्टाफ ने तत्काल मोर्चा संभाल लिया। दोनों विमानों में सवार यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया और वैकल्पिक उड़ानों के माध्यम से उनके गंतव्य तक पहुंचाने की व्यवस्था शुरू कर दी गई।

हादसे में दोनों विमानों के पंखों को नुकसान पहुंचा है। मामले की जानकारी नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) को दे दी गई है, जिसने घटना की जांच शुरू कर दी है। जांच में यह पता लगाया जाएगा कि टैक्सी-वे और ग्राउंड क्लीयरेंस के दौरान चूक कहां हुई।

एयर इंडिया के प्रवक्ता ने बताया कि सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए विमान को ग्राउंड कर तकनीकी जांच कराई जा रही है। वहीं, इंडिगो ने भी यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोपरि बताते हुए आवश्यक कदम उठाने की पुष्टि की है।


Discover more from समाज जागरण

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)