दैनिक समाज जागरण अनील कुमार संवाददाता नबीनगर (औरंगाबाद)
नबीनगर (बिहार) नगर पंचायत क्षेत्र के मंगल बाजार क्षेत्र में सड़क के बीचोबीच बन रहे नाला में गुरुवार को तड़के एक गाय गिरकर फंस गई।जिसे काफी मशक्कत के बाद स्थानीय लोगों ने निकाला।गुरुवार को तड़के सुबह राहगीरों ने देखा कि निर्माणाधीन नाले में एक गाय गिरी हुई है उसके बाद आस पास के लोग इकठ्ठा होकर गाय को निकालने का भरसक प्रयास किया लेकिन भारी भरकम बड़ी गाय की वजह से लोगों का प्रयास सफल नहीं हुआ ।अंत में स्थानीय लोगों द्वारा निर्माणाधीन नाले को पाटने के लिए बिछाई गई पूरी सेंट्रिंग को उखाड़ कर रास्ता बनाया गया तब जाकर गाय की जान बची और गाय नाले से बाहर निकली।गौरतलब है कि नगर पंचायत नवीनगर में पुनपुन पुल के समीप से वार्ड 7 एवं वार्ड 8 के न्यू एरिया से मंगल बाजार होते हुए संगम स्टूडियो तक सड़क के बीच मे नाला निर्माण किया जाना है जिसके प्रथम चरण मे सोखा बाबा मंदिर मोड़ से संगम स्टूडियो तक नाला निर्माण किया जाना है। इसके तहत पिछले 20 अगस्त से लगभग 50 मीटर क्षेत्र में नाला निर्माण के लिए सड़क खोदाई का काम शुरू किया गया परन्तु आज एक माह में भी निर्माण पूर्ण नहीं हुआ।इस क्षेत्र से गुजरने वाले लोगों में हमेशा भय बना रहता है कि कही वो गिरकर घायल न हो जाए। बताते चले कि यह सड़क नबीनगर बाजार की हृदय स्थली है। प्रतिदिन इस सड़क से हजारों राहगीरों का आवागमन होता है साथ ही इस मार्ग से प्रतिदिन स्कूली और कोचिंग के बच्चों की आवाजाही होती है।जो नाली निर्माण के वजह से बुरी तरह प्रभावित हुआ है। वहीं इस क्षेत्र मे व्यवसायियों का व्यवसाय प्रभावित हो रहा है।लोगो के बीच आशंका बनी है कि हिंदुओं का प्रमुख त्यौहार दुर्गा पूजा नजदीक है और दो दिन बाद नवरात्र का आगमन हो रहा है ऐसे में क्या सड़क निर्माण पूरा होगा?
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



