नोएडा: श्री राम लखन धार्मिक लीला कमेटी 46 द्वारा आयोजित रामलीला महोत्सव के एकादश दिवस में शनिवार को बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक देखने को मिला। राज्यसभा सांसद सुरेंद्र नागर ने मुख्य अतिथि के रूप में भाग लिया। उनके साथ भाजपा के पूर्व महानगर अध्यक्ष मनोज गुप्ता, अतिरिक्त पुलिस महानिरीक्षक राजीव नारायण मिश्रा, डीसीपी ट्रैफिक डॉ. प्रवीन रंजन सिंह, कांग्रेस प्रवक्ता अनिल यादव और पूर्व विधायक प्रत्याशी पंखुड़ी पाठक उपस्थित रहे।

समारोह की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन से हुई, जिसमें सभी अतिथियों ने भाग लिया। लीला संयोजक कृष्ण स्वामी ने बताया कि आज की लीला में रावण दरबार में मेघनाथ और कुंभकरण का वध, अहिरावण द्वारा राम-लक्ष्मण का हरण एवं पाताललोक में अहिरावण वध के दृश्य प्रस्तुत किए गए। अंत में प्रभु राम और रावण का युद्ध दर्शाया गया और रावण के पुतले का दहन किया गया, जिससे बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक दर्शकों के सामने आया।
मुख्य अतिथि सुरेंद्र नागर ने कहा कि विजयदशमी केवल उत्सव नहीं बल्कि धर्म, सत्य और साहस की जीत का प्रतीक है। इस अवसर पर कमेटी के अध्यक्ष विपिन अग्रवाल, वाइस चेयरमैन राजेंद्र जैन और पूनम सिंह ने अतिथियों और दर्शकों का स्वागत और सम्मान किया।
आयोजन समिति में मनोज अग्रवाल, प्रिया गोल्ड, गौरव कुमार यादव, रामवीर यादव, संजय गोयल, आलोक गुप्ता सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। पूरे कार्यक्रम में दर्शकों ने रामलीला का आनंद लिया और रावण पुतले के दहन के दौरान जय श्री राम के उद्घोष के साथ उत्सव का उत्साह देखते ही बनता था।
रामलीला महोत्सव ने न केवल धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व को उजागर किया बल्कि समुदाय में सौहार्द और उत्सव की भावना को भी मजबूत किया।



Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



