नशे के बड़े कारोबार से जुड़ा है मामला
समाज जागरण
विजय तिवारी
उमरिया
नोरोज़ाबाद थाना प्रभारी बालेन्द्र शर्मा के नेतृत्व में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है।ग्राम ऊँचेहरा स्थित मंदिर के पास दीक्षा ऑटो पार्ट्स से आरोपी प्रिंस गुप्ता को गिरफ्तार कर उसके पास से कट्टा बरामद किया गया।आरोपी प्रिंस गुप्ता 13 जुलाई को हुए जानलेवा फायरिंग मामले का संदेही आरोपी रहा है,प्रिंस गुप्ता के अलावा दो अन्य आरोपी प्रतीक जावरे निवासी पाली एवम तनमय गुप्ता निवासी नोरोजाबाद को भी गिरफ्तार करने में पुलिस को सफलता मिली है।
13 जुलाई को हुई थी फायरिंग
आपको बता दें कि गत 13 जुलाई को प्रिंस गुप्ता व उसका भाई कृष्णा गुप्ता ने कालरी कर्मी के पुत्र प्रकाश उर्फ गुड्डन तिवारी (27) पर ताबड़तोड़ फायरिंग की थी। इस हमले में प्रकाश गंभीर रूप से घायल हुआ था, पैर की गोली निकाल दी गई है, मगर हाथ और गले में फंसी गोलियों को निकालना डॉक्टरों ने खतरे से खाली नहीं माना। फिलहाल पीड़ित अपने गृह ग्राम भमरहा, मानपुर में स्वास्थ्य लाभ ले रहा है।फायरिंग की वारदात नशे से जुड़े अवैध कारोबारियों के बीच की लड़ाई थी,जिसमे एक पक्ष ने दूसरे पर पिस्टल से जानलेवा हमला किया था।
बाबू छतरी ने दिया था पिस्टल
जांच में खुलासा हुआ कि फायरिंग के लिए पिस्टल की व्यवस्था पाली निवासी बाबू छतरी ने की थी, कारतूस प्रतीक जावरे ने उपलब्ध कराए थे, जबकि तनमय गुप्ता ने पूरे घटनाक्रम की रेकी की थी। हमले में उपयोग की गई पल्सर बाइक पुलिस ने जप्त कर ली है, हालांकि पिस्टल अब तक बरामद नहीं हो सकी है।कुल मिलाकर इस फायरिंग कांड में पाँच लोगों की संलिप्तता रही है, जिनमें से प्रिंस गुप्ता, प्रतीक जावरे और तनमय गुप्ता पुलिस गिरफ्त में हैं, जबकि कृष्णा गुप्ता और बाबू छतरी अब भी फरार हैं।
एसपी ने किया था इनाम की घोषणा
एसपी निवेदिता नायडू द्वारा आरोपियों की गिरफ्तारी पर इनाम घोषित किया गया था। इस सनसनीखेज मामले में प्रिंस गुप्ता के खिलाफ अपराध क्रमांक 280/25 धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट दर्ज कर न्यायालय में पेश करने की तैयारी की जा रही है। थाना प्रभारी बालेन्द्र शर्मा व उनकी टीम की यह कार्रवाई इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है और पुलिस का दावा है कि शेष आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



