गर्रा पुल से दबोचा गया आरोपी, सल्फास खाने को मजबूर हुआ था पीड़ित
समाज जागरण संवाददाता शाहजहांपुर
शाहजहांपुर। सूदखोरी के जाल में फंसे एक परिवार को तबाह कर देने वाले शबाब अली को आखिरकार कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। यह वही आरोपी है जिसके दबाव और धमकियों से तंग आकर मोहम्मद आलम ने सल्फास खाकर जिंदगी खत्म करने की कोशिश की थी। प्रभारी निरीक्षक कोतवाली के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर मंगलवार सुबह करीब 11.45 बजे गर्रा पुल से शबाब अली को धर दबोचा। पुलिस के मुताबिक आरोपी शबाब अली (42) पुत्र स्व. मुबारक अली, निवासी मोहल्ला महमंदगढ़ी, दुर्गा टॉकीज के पास का रहने वाला है। मोहम्मद आलम की पत्नी ने दर्ज कराए मुकदमे में आरोप लगाया था कि डेयरी के नुकसान के बाद उसके पति ने कुछ रुपये उधार लिए थे, जिन्हें ब्याज सहित लौटा भी दिया गया। इसके बावजूद आरोपी शबाब अली समेत अन्य सूदखोर लगातार और रुपये वसूलते रहे। विरोध करने पर गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी भी दी गई। इसी उत्पीड़न से तंग आकर उसके पति ने सल्फास खाकर जान देने की कोशिश की। मामले में थाना कोतवाली में मुकदमा अपराध संख्या 385/25 धारा 191(2)/308(4)/352/351(3) बीएनएस में भाजपा पार्षद प्रदीप सक्सेना, मोहम्मद शबाब, नदीम, सलीम, सुजा, वेदराम वकील, सुमित्रा गुप्ता और दो अज्ञात लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 191(2), 308(2), 110, 352 और 351(3) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक भूपेंद्र कुमार, हेड कांस्टेबल बिजेंद्र कुमार और कांस्टेबल राजेश कुमार शामिल रहे। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर अदालत के समक्ष पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



