google-site-verification: google2b21991adbe5cec3.html

सावन में शिवभक्तों की सेवा के लिए तैयार ओम कांवरिया सेवा संघ, 29 जुलाई से देवघर कांवरिया पथ पर लगेगा सेवा शिविर

दैनिक समाज जागरण 28.07.2026 चांद कुमार लायेक (ब्यूरो चीफ) पूर्वी सिंहभूम जमशेदपुर

जमशेदपुर सावन माह में बाबा बैद्यनाथ धाम जाने वाले शिवभक्तों की सेवा के उद्देश्य से ओम कांवरिया सेवा संघ द्वारा देवघर कांवरिया पथ स्थित सुइयां पहाड़ के घुटिया में 29 जुलाई से 27 अगस्त तक निःशुल्क सेवा शिविर का आयोजन किया जाएगा। शिविर के संचालन की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। सोमवार को शिविर की व्यवस्था संभालने के लिए 32 स्वयंसेवकों की टीम जमशेदपुर से रवाना हुई। इसके अलावा विभिन्न शहरों से भी दर्जनभर स्वयंसेवक शिविर में पहुंचकर सेवा कार्य में सहयोग करेंगे।

बिरसानगर में आयोजित संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए संस्था के अध्यक्ष पप्पू सिंह ने बताया कि ओम कांवरिया सेवा संघ पिछले 16 वर्षों से लगातार सावन के पावन अवसर पर शिवभक्तों की सेवा करता आ रहा है। उन्होंने कहा कि संस्था का उद्देश्य कांवरियों को यात्रा के दौरान बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना और उनकी सेवा के माध्यम से धार्मिक आस्था को सम्मान देना है।

उन्होंने बताया कि इस वर्ष भी शिविर में श्रद्धालुओं की सुविधा का विशेष ध्यान रखा गया है। शिवभक्तों के लिए स्नान, भोजन, नाश्ता, शौचालय, रात्रि विश्राम तथा गर्म पानी की समुचित व्यवस्था की जाएगी। इसके साथ ही मोबाइल चार्जिंग की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी, ताकि यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

पप्पू सिंह ने बताया कि शिविर में प्रतिदिन सुबह एवं शाम पूजा और आरती का आयोजन होगा। श्रद्धालुओं को सुबह और शाम नाश्ता तथा पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराया जाएगा। भोजन में पूरी, सब्जी, हलवा, साबूदाना, खीर तथा मौसमी फलों का वितरण किया जाएगा। सेवा शिविर में आने वाले श्रद्धालुओं की थकान दूर करने के लिए आधुनिक मशीनों से फुट, हेड और बॉडी मसाज की सुविधा भी निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे लंबी पैदल यात्रा के दौरान उन्हें राहत मिल सके।

उन्होंने बताया कि सेवा शिविर का विधिवत उद्घाटन 29 जुलाई की शाम पूजा-अर्चना एवं आरती के साथ किया जाएगा। उद्घाटन के बाद श्रद्धालुओं की सेवा का कार्य लगातार 27 अगस्त तक जारी रहेगा। संस्था के सभी स्वयंसेवक पूरी श्रद्धा और समर्पण के साथ शिवभक्तों की सेवा में जुटेंगे।

संवाददाता सम्मेलन में संस्था के संरक्षक धनंजय कुमार सिंह, राजेन्द्र प्रसाद सिंह, सतेन्द्र सिंह तथा एम.वी. राव भी उपस्थित रहे। सभी पदाधिकारियों ने शिवभक्तों से अधिक से अधिक संख्या में शिविर का लाभ उठाने की अपील करते हुए कहा कि सेवा ही संगठन का मुख्य उद्देश्य है और इसी भावना के साथ प्रत्येक वर्ष यह सेवा शिविर आयोजित किया जाता है।


Discover more from समाज जागरण

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Leave a Reply

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)