वीरेंद्र चौहान, समाज जागरण ब्यूरो किशनगंज।
ठाकुरगंज प्रखंड के लोनधोरा मुख्य मार्ग पर रविवार को एक भीषण सड़क दुर्घटना में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा स्कूटी और तेज रफ्तार पिकअप वैन की आमने-सामने टक्कर से हुआ। इस दौरान एक टोटो भी अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया।
जानकारी के अनुसार, स्कूटी (संख्या BR 37AE-8371) पर तीन युवक सवार थे, जो ठाकुरगंज की ओर जा रहे थे। विपरीत दिशा से आ रही पिकअप वैन से उनकी जोरदार टक्कर हो गई। दुर्घटना में 22 वर्षीय सचिन सिंह की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 17 वर्षीय मुकेश कुमार और 25 वर्षीय राहुल कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। तीनों पोठिया प्रखंड के बेलगाछी गांव के निवासी बताए जाते हैं।
घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल ठाकुरगंज प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें सदर अस्पताल, किशनगंज रेफर कर दिया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के समय एक टोटो, जिसमें सब्जियां लदी थीं, भी असंतुलित होकर पलट गया। टोटो चालक को हल्की चोटें आईं, लेकिन वह मौके से वाहन छोड़कर फरार हो गया।
सूचना मिलते ही ठाकुरगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है।
हादसे के बाद मृतक के गांव में शोक की लहर है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



