समाज जागरण पटना जिला संवाददाता:- वेद प्रकाश
पटना/ जिले के फुलवारी शरीफ में एक छोटी-सी बात को लेकर हुई बहस ने हिंसक रूप ले लिया, जिसमें एक युवा प्लंबर मिस्त्री और उसके सहयोगी के साथ बेरहमी से मारपीट की गई। जिससे दौरान धक्का खाकर गिरने से उसका सिर फट गया और वह गंभीर रूप से घायल हो गया। मारपीट का शिकार हुआ 21 वर्षीय युवक पवन कुमार पेशे से प्लंबर मिस्त्री है। वह पटना के फुलवारीशरीफ इलाके का रहने वाला है और रोजाना की तरह काम के सिलसिले में शहर के अलग-अलग इलाकों में जाता है। पवन अपने एक सहयोगी के साथ भवन निर्माण विभाग के आवास नंबर-15, अपूर्वा अपार्टमेंट के पास एक मकान में मोटर ठीक करने गया था। काम खत्म होने के बाद दोनों पास ही बैठे हुए थे, तभी यह विवाद शुरू हुआ।पवन के अनुसार, उन्होंने अपनी बाइक सामुदायिक भवन के पास खड़ी की थी। बाइक के बगल में सीढ़ी बनी हुई थी, जिस पर वे और उनका सहयोगी बैठकर थोड़ी देर आराम कर रहे थे। उसी दौरान एक व्यक्ति वहां आया और बिना पूछे उनकी बाइक पर बैठ गया। पवन ने शांति से उस व्यक्ति से बाइक से उतरने का आग्रह किया, लेकिन उसकी प्रतिक्रिया बिल्कुल उलटी रही। बाइक से उतरने की बात कहने पर आरोपी व्यक्ति गाली-गलौज करने लगा। पवन का कहना है कि बात बढ़ते-बढ़ते अचानक हिंसक हो गई। आरोपी ने गुस्से में पवन का कॉलर पकड़ लिया और उसे सड़क पर जोर से पटक दिया। गिरते ही पवन का सिर सड़क से टकराया और बुरी तरह फट गया। उसके सहयोगी ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, लेकिन उसके साथ भी मारपीट की गई। घटना के दौरान केवल पवन ही नहीं, बल्कि उसका सहयोगी भी हमले का शिकार हुआ। जब उसने पवन को बचाने की कोशिश की, तो आरोपी ने उसके साथ भी हाथापाई की। इससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने किसी तरह बीच-बचाव किया, तब जाकर मामला शांत हुआ। घायल अवस्था में पवन को इलाज के लिए ले जाया गया। मारपीट के बाद पवन का सिर बुरी तरह जख्मी हो गया था। सिर फटने के कारण काफी खून बहा और उसे तत्काल चिकित्सा सहायता की जरूरत पड़ी। प्रारंभिक इलाज के बाद उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है। घटना के बाद पीड़ित पवन ने थाने में लिखित आवेदन दिया। थानेदार प्रमोद कुमार ने बताया कि मामला संज्ञान में लिया गया है और पीड़ित के आवेदन के आधार पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पुलिस के अनुसार आरोपी की पहचान हो चुकी है और उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। थानेदार ने भरोसा दिलाया है कि बहुत जल्द आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा और उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि आरोपी का पहले से कोई आपराधिक इतिहास तो नहीं रहा है।



