दैनिक समाज जागरण हजारीबाग
अवैध खस्सी-बकरा बाजार से ठप रहता है इंद्रपुरी चौक से स्टेट बैंक तक का मार्ग, समाधान नहीं हुआ तो होगा जनांदोलन
हजारीबाग | नगर निगम क्षेत्र के पगमिल रोड पर इंद्रपुरी चौक से लेकर स्टेट बैंक पगमिल रोड शाखा तक लगने वाला भीषण सड़क जाम आम जनता के लिए गंभीर समस्या बन चुका है। आए दिन जाम की वजह से राहगीरों, दुकानदारों और वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। त्योहारों के मौसम—होली, दशहरा और बकरीद—में यह समस्या और विकराल रूप ले लेती है, जब कई-कई महीनों तक सड़क पर जाम की स्थिति बनी रहती है।
इस गंभीर स्थिति पर पूर्व सांसद भुवनेश्वर प्रसाद मेहता ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर नगर निगम की कार्यशैली पर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने कहा कि जाम की मुख्य वजह नगर निगम की लापरवाही है। खस्सी-बकरा विक्रेताओं के लिए वैकल्पिक बाजार की व्यवस्था नहीं होने के कारण ओकनी मोड़ और पगमिल रोड पर अवैध रूप से बाजार लग जाता है, जिससे सड़क पूरी तरह बाधित हो जाती है।
पूर्व सांसद ने बताया कि इस समस्या को लेकर वे पूर्व उपायुक्त, पूर्व पुलिस अधीक्षक और पूर्व नगर आयुक्त को लिखित शिकायत दे चुके हैं। पूर्व नगर आयुक्त ने खस्सी-बकरा बाजार को लोहसिंघना मैदान के पास स्थानांतरित करने और ओकनी मोड़ पर बिक्री निषेध बोर्ड लगाने का आश्वासन दिया था, लेकिन अब तक इस दिशा में कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
भुवनेश्वर प्रसाद मेहता ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र प्रभावी कदम नहीं उठाए गए और जनता को जाम की समस्या से राहत नहीं मिली, तो वे बड़े जनांदोलन का आह्वान करेंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि ऐसी स्थिति की पूरी जिम्मेदारी नगर निगम प्रशासन की होगी।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



