उमरिया। भारतीय जनता पार्टी के द्वारा पंडित दीनदयाल उपाध्याय का दो दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग जिले के उमरिया ग्रामीण मंडल, अमरपुर मंडल और इंदवार मंडल में प्रारंभ किया गया है। तीनों मंडलों में 1 अप्रैल को प्रशिक्षण का शुभारंभ किया गया जिसका समापन 2 अप्रैल को किया जाएगा। प्रशिक्षण वर्ग में भाजपा जिला अध्यक्ष आशुतोष अग्रवाल, मानपुर क्षेत्र की विधायक सुश्री मीना सिंह सहित मंडलों के मंडल अध्यक्ष पदाधिकारी शक्ति और बूथ केंद्रों के प्रभारी और पदाधिकारी सहित मंडल के अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थे।
प्रशिक्षण से कार्यकर्ताओं का होता है व्यक्तित्व का विकास: आशुतोष अग्रवाल
उद्घाटन सत्र के दौरान भाजपा जिला अध्यक्ष आशुतोष अग्रवाल ने कहा कि प्रशिक्षण से कार्यकर्ताओं के व्यक्तित्व का विकास होता है। कार्यकर्ताओं के व्यक्तित्व विकास के साथ संगठनात्मक मजबूती के लिए कार्यकर्ताओं का प्रशिक्षण आवश्यक होता है। कार्यकर्ताओं में संगठन के सिद्धांत, कार्य पद्धतियां और नीतियों का आत्मसात होना चाहिए, ताकि वे इन्हें प्रभावी तरीके से लागू कर सकें। इसके लिए संगठन समय-समय पर कार्यकर्ताओं का प्रशिक्षण वर्ग आयोजित करता रहता है। कार्यकर्ता प्रशिक्षण वर्ग को न केवल अपने व्यक्तिगत विकास के लिए, बल्कि पूरे संगठन की मजबूती के लिए उपयोग करें। आज भाजपा दुनिया का सबसे बड़ा राजनीतिक दल बन चुकी है, जो अपने कार्यकर्ताओं और उनके समर्पण के कारण संभव हुआ है।
भाजपा सरकार की जनहित देसी योजनाओं से बदली लोगों की जिंदगी:मीना सिंह
प्रशिक्षण वर्ग को संबोधित करते हुए मानपुर क्षेत्र की विधायक सुश्री मीना सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में केंद्र सरकार और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश की भाजपा सरकार कई जनहितैषी और कल्याणकारी योजनाएं चला रही है। इन जनहितैषी और जनकल्याणकारी योजनाओं ने लोगों की जिंदगी बदलने का कार्य किया है। इन योजनाओं ने लोगों के जीवन में उल्लेखनीय बदलाव लाया है। देश तेजी से तरक्की कर रहा है। पार्टी कार्यकर्ता केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं की जानकारी के साथ योजनाओं के परिणामों की जानकारी भी जनता तक पहुंचाकर बताएं कि भाजपा सरकारें किस प्रकार से जनता के जीवन में खुशहाली लाने का कार्य कर रही हैं। प्रशिक्षण वर्ग में अन्य वक्ताओं के द्वारा अपने अपने विषय को लेकर बात रखी है।



