google-site-verification: google2b21991adbe5cec3.html

पटमदा में सड़क दुर्घटना : हाइवा की चपेट में बाइक सवार की मौत, आक्रोशित ग्रामीणों ने किया सड़क जाम

परमवीर पात्रों,दैनिक समाज जागरण, संवाददाता, जमशेदपुर (झारखंड) 21 सितंबर 2025

पटमदा (जमशेदपुर)। पटमदा प्रखंड के जलडहर स्थित पेट्रोल पंप के पास सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। सुबह करीब 7:15 बजे बालू लदे हाइवा ने युवक को रौंद दिया। हादसे में युवक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने सुबह 8 बजे से टाटा–पटमदा मुख्य सड़क को जाम कर दिया। इसके कारण यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। कुछ यात्री बसों को भुईयांसिनान-भूला रोड की ओर डायवर्ट किया गया, लेकिन बेलटांड़–जोड़सा रोड, बेलटांड़–रघुनाथपुर मुख्य सड़क, जलडहर और गाड़ीग्राम समेत आसपास की सभी सड़कों पर ग्रामीणों ने जाम कर दिया। इससे स्कूली बच्चों और आम यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

ग्रामीण 10 लाख रुपये मुआवजे की मांग कर रहे हैं। वहीं गाड़ी मालिक चौका निवासी मिथुन सोरेन की ओर से भेजे गए प्रतिनिधि और ग्रामीणों के बीच पटमदा थाना में बैठक चल रही है। लावा पंचायत के मुखिया कानूराम बेसरा ने बताया कि गाड़ी मालिक की ओर से अब तक कोई सकारात्मक पहल नहीं की गई है। उन्होंने कहा कि गाड़ी मालिक के आने और वार्ता होने के बाद ही जाम समाप्त किया जाएगा।

घटनास्थल पर सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण महिला-पुरुष लाठी-डंडे के साथ मौजूद हैं और वाहनों को रोक रहे हैं। स्थिति को संभालने के लिए पटमदा डीएसपी वचनदेव कुजूर मौके पर मौजूद हैं और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास कर रहे हैं।

मृतक की पहचान गंगासागर टुडू के रूप में हुई है। वह दो भाइयों में बड़े थे। माता-पिता का पहले ही निधन हो चुका है और दोनों भाई साथ रहते थे। मृतक अविवाहित थे। हादसे की खबर सुनते ही छोटे भाई हेमसागर टुडू का रो-रोकर बुरा हाल है।


Discover more from समाज जागरण

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)