google-site-verification: google2b21991adbe5cec3.html

पटना सिटी के थानाध्यक्ष हुआ निलंबित

समाज जागरण पटना जिला संवाददाता:- वेद प्रकाश

पटना/ सिटी में प्रकाश पर्व के दौरान एक महिला श्रद्धालु के साथ हुई लूटपाट और चाकू से हमले की मामले में वरीय अधिकारियों ने सख्त रुख अपनाते हुए चौक थाना प्रभारी मंजीत कुमार ठाकुर को निलंबित कर दिया है। उनकी जगह पुलिस निरीक्षक राज किशोर कुमार को नया थाना प्रभारी नियुक्त किया गया है। यह कार्रवाई घटना के बाद पुलिस की कार्यप्रणाली और सुरक्षा इंतजामों में लापरवाही को देखते हुए की गई है। जानकारी के अनुसार रविवार की सुबह पंजाब के गुरदासपुर निवासी उत्तम प्रीत कौर अपनी चाची सर्वजीत कौर के साथ तख्त श्री हरमंदिर साहिब पटना साहिब से बाल लीला गुरुद्वारा जा रही थीं। इसी दौरान दो अज्ञात अपराधियों ने रास्ते में उन्हें घेर लिया।

विरोध करने पर अपराधियों ने उत्तम प्रीत कौर पर चाकू से हमला कर दिया और उनके पास से करीब आठ हजार रुपये नकद और मोबाइल फोन लूटकर फरार हो गए। अचानक हुई इस वारदात से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घटना के बाद घायल उत्तम प्रीत कौर को तुरंत पटना के नालंदा मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां डॉक्टरों ने प्राथमिक इलाज के बाद उनकी हालत स्थिर बताई और उन्हें छुट्टी दे दी गई। इलाज के बाद उत्तम प्रीत कौर अपने परिवार के साथ पंजाब लौट गई हैं। हालांकि घटना का डर और मानसिक आघात उनके साथ बना हुआ है।

इस वारदात ने देश-विदेश से पटना साहिब आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। प्रकाश पर्व को लेकर पटना प्रशासन और पुलिस ने पहले से ही सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम होने का दावा किया था। वरीय आरक्षी अधीक्षक कार्तिकेय शर्मा और जिलाधिकारी डॉ. त्याग राजन ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए थे। इसके बाबजूद पुलिस की कड़ी सुरक्षा के बीच इस तरह की घटना का होना प्रशासन के दावों पर सवाल खड़े करता है। श्रद्धालुओं का कहना है कि जब इतने बड़े धार्मिक आयोजन में भी सुरक्षा में चूक हो रही है, तो आम दिनों में स्थिति कितनी गंभीर हो सकती है।


घटना के दो दिन बीत जाने के बाद भी अपराधियों की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। इसी को लेकर वरीय पुलिस अधिकारियों ने कड़ा रुख अपनाया और चौक थाना प्रभारी मंजीत कुमार ठाकुर को कार्य में लापरवाही बरतने के आरोप में तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। सिटी एसपी पूर्वी परिचय कुमार ने इस निलंबन की पुष्टि की है। अधिकारियों का मानना है कि थाना स्तर पर सतर्कता और निगरानी में कमी रही, जिसका खामियाजा श्रद्धालु को भुगतना पड़ा। निलंबन के बाद पुलिस निरीक्षक राज किशोर कुमार को चौक थाना का नया प्रभारी बनाया गया है। पुलिस ने इस मामले में विशेष जांच टीम का गठन किया है। घटनास्थल और उसके आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फुटेज के आधार पर अपराधियों की पहचान की जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


Discover more from समाज जागरण

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)