पैक्स अध्यक्ष संजीत कुमार हत्याकांड से जुड़े थे तीनों अपराधी, पुलिस की जवाबी कार्रवाई में मारे गए; दो पिस्तौल और देसी कट्टा बरामद
वेद प्रकाश, पटना जिला संवाददाता
समाज जागरण
पटना। बिहार की राजधानी पटना के मनेर थाना क्षेत्र में शुक्रवार अहले सुबह पुलिस और अपराधियों के बीच भीषण मुठभेड़ हो गई। शेरपुर गंगा दियारा इलाके में हुई इस मुठभेड़ में तीन कथित कुख्यात अपराधी मारे गए, जबकि मनेर थानाध्यक्ष रजनीश कुमार गोली लगने से घायल हो गए। उनके बाएं हाथ में गोली लगी है। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर किया गया। पुलिस के अनुसार, उनकी हालत खतरे से बाहर है।
पुलिस के मुताबिक, यह कार्रवाई पटना एसटीएफ और जिला पुलिस की संयुक्त टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर की। पुलिस को सूचना मिली थी कि व्यापुर पैक्स अध्यक्ष संजीत कुमार उर्फ भोलू की हत्या में शामिल अपराधी शेरपुर गंगा नदी के समीप छिपे हुए हैं। इसके बाद पुलिस टीम ने शुक्रवार तड़के करीब तीन बजे इलाके की घेराबंदी कर तलाशी अभियान शुरू किया।
घिरने पर अपराधियों ने की फायरिंग
बताया गया कि पुलिस टीम को देखते ही अपराधियों ने खुद को घिरा पाकर फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की। दोनों ओर से हुई गोलीबारी में तीन अपराधी मारे गए। इसी दौरान अपराधियों की गोली मनेर थानाध्यक्ष रजनीश कुमार के बाएं हाथ में लगी। घायल थानाध्यक्ष को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।
तीनों मृतकों की हुई पहचान
दानापुर-2 के एसडीपीओ ए.के. झा ने प्रेसवार्ता में बताया कि मुठभेड़ में मारे गए तीनों अपराधी व्यापुर पैक्स अध्यक्ष संजीत कुमार हत्याकांड में शामिल थे। उनकी पहचान जेपी यादव निवासी खरौजा रोड, दानापुर, सूरज कुमार उर्फ राजा शर्मा निवासी गंगहरा, शाहपुर थाना क्षेत्र तथा बबलू कुमार निवासी सुअरमरवा, मनेर के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, जेपी यादव हत्याकांड का मुख्य साजिशकर्ता था, जबकि सूरज कुमार और बबलू कुमार ने शूटर की भूमिका निभाई थी। आरोप है कि इन्हीं दोनों ने पैक्स अध्यक्ष संजीत कुमार को गोलियों से भून दिया था।
हत्याकांड में प्रखंड प्रमुख के पति भी हुए थे घायल
गौरतलब है कि चर्चित पैक्स अध्यक्ष संजीत कुमार हत्याकांड के दौरान हुई गोलीबारी में मनेर प्रखंड प्रमुख के पति पिंटू पॉइजन भी गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उनका उपचार कराया गया था। पुलिस इस हत्याकांड के बाद से ही आरोपित अपराधियों की तलाश में जुटी थी।
हथियार और कारतूस के खोखे बरामद
मुठभेड़ स्थल से पुलिस ने दो पिस्तौल, एक देसी कट्टा और बड़ी संख्या में कारतूस के खोखे बरामद किए हैं। तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
पुलिस के मुताबिक, मारे गए तीनों अपराधी मनेर सहित अन्य थानों में दर्ज कई गंभीर आपराधिक मामलों में वांछित थे। फिलहाल पुलिस इलाके में सर्च ऑपरेशन चला रही है और मुठभेड़ से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
इस कार्रवाई के बाद मनेर और आसपास के इलाकों में पुलिस की सक्रियता बढ़ा दी गई है।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



