google-site-verification: google2b21991adbe5cec3.html

बहादुरगंज में 55 लाख की ब्राउन शुगर के साथ दो तस्कर गिरफ्तार, 275 ग्राम मादक पदार्थ बरामद

एएनटीएफ और बहादुरगंज पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, बाइक सवार दो युवकों को दबोचा; एक आरोपी पर पहले से एनडीपीएस एक्ट का मामला दर्ज

वीरेंद्र चौहान, समाज जागरण ब्यूरो
किशनगंज। बिहार के किशनगंज जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एएनटीएफ और बहादुरगंज थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने बहादुरगंज रजिस्ट्री कार्यालय के समीप वाहन जांच के दौरान बाइक सवार दो युवकों को गिरफ्तार किया। तलाशी में उनके कब्जे से 275 ग्राम ब्राउन शुगर जैसा संदिग्ध मादक पदार्थ बरामद किया गया। पुलिस ने बरामद पदार्थ का अंतरराष्ट्रीय बाजार मूल्य करीब 55 लाख रुपये आंका है।

पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार को 5 नवंबर 2026 को गुप्त सूचना मिली थी कि बहादुरगंज थाना क्षेत्र में मादक पदार्थ की डिलीवरी होने वाली है। सूचना के सत्यापन और कार्रवाई के लिए एसडीपीओ-1 खुसरू सिराज के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम में एएनटीएफ किशनगंज और बहादुरगंज थाना के पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों को शामिल किया गया।

वाहन जांच के दौरान पकड़े गए दोनों युवक

विशेष टीम ने बहादुरगंज रजिस्ट्री कार्यालय के समीप वाहन जांच अभियान शुरू किया। इसी दौरान अस्पताल चौक की ओर से तेज रफ्तार में आ रही काले रंग की हीरो एक्सट्रीम मोटरसाइकिल को पुलिस ने घेराबंदी कर रोक लिया। बाइक पर सवार दोनों युवकों की पहचान लाडला अंसारी (21), निवासी रहमतनगर वार्ड संख्या-7 और शाहीद आलम (20), निवासी अली हुसैन चौक वार्ड संख्या-8, थाना बहादुरगंज के रूप में हुई।

विधिवत तलाशी के दौरान लाडला अंसारी के पास से 275 ग्राम ब्राउन शुगर जैसा संदिग्ध मादक पदार्थ बरामद हुआ। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में दोनों युवकों ने मादक पदार्थ की खरीद-बिक्री में संलिप्तता स्वीकार की है।

मोबाइल फोन से खंगाला जा रहा तस्करी का नेटवर्क

पुलिस अब गिरफ्तार युवकों से जुड़े अन्य तस्करों की पहचान करने में जुटी है। मादक पदार्थ कहां से लाया गया था और इसकी आपूर्ति कहां की जानी थी, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है। आरोपितों के पास से बरामद मोबाइल फोन का तकनीकी अनुसंधान भी किया जा रहा है।

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार लाडला अंसारी का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ बहादुरगंज थाना में कांड संख्या 381/26, दिनांक 19 जून 2026 को एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज है।

इस मामले में बहादुरगंज थाना कांड संख्या 703/26, दिनांक 5 नवंबर 2026 को एनडीपीएस एक्ट की धारा 8(सी), 21(सी), 25 एवं 29 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों की पहचान करने के साथ उनकी अवैध संपत्ति का पता लगाकर नियमानुसार जब्ती की कार्रवाई भी करेगी।

संयुक्त छापेमारी दल में ये अधिकारी रहे शामिल

कार्रवाई करने वाली टीम में एसडीपीओ-1 खुसरू सिराज, एएनटीएफ प्रभारी राजू कुमार, बहादुरगंज थानाध्यक्ष सुनील कुमार वेदिका, एएनटीएफ के पुलिस अवर निरीक्षक कृष्णा कुमार, प्रिंस कुमार एवं मो. रेहान अहमद, बहादुरगंज थाना के अखिलेश कुमार सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।

पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार ने बताया कि जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ विशेष अभियान आगे भी जारी रहेगा। उन्होंने आम नागरिकों से मादक पदार्थों की तस्करी से संबंधित सूचना एएनटीएफ हेल्पलाइन नंबर 9031816150 पर देने की अपील की है। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।


Discover more from समाज जागरण

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Leave a Reply

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)