google-site-verification: google2b21991adbe5cec3.html

वाहन चेकिंग के दौरान पटना में पुलिस ने मारी युवक को थप्पड़

शोशल मीडिया पर हुई वायरल

समाज जागरण पटना जिला संवाददाता:- वेद प्रकाश

पटना/ जिले के चौक थाना क्षेत्र से जुड़ा एक वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में एक सिपाही न सिर्फ बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल पर गश्त करते हुए दिखाई दे रहा है, बल्कि सड़क पर एक युवक को थप्पड़ मारते हुए और आम नागरिकों से बदसलूकी करते हुए भी नजर आ रहा है। यह वीडियो सामने आने के बाद स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी देखी जा रही है।सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में साफ तौर पर देखा जा सकता है कि संबंधित सिपाही एक ऐसी मोटरसाइकिल पर सवार है, जिस पर पुलिस का लोगो तो लगा हुआ है, लेकिन वाहन पर कोई नंबर प्लेट मौजूद नहीं है। यह सीधे तौर पर यातायात नियमों का उल्लंघन है। वीडियो में सिपाही सड़क पर चलते एक युवक को रोकता है और बिना किसी स्पष्ट कारण के उसे थप्पड़ मार देता है। इतना ही नहीं, आरोप है कि वह गंदी-गंदी गालियां भी देता है और राहगीरों को डराने-धमकाने की कोशिश करता है। इस पूरे घटनाक्रम को मौके पर मौजूद किसी राहगीर ने अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया। बाद में यह वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अपलोड कर दिया गया, जिसके बाद देखते ही देखते यह वायरल हो गया। वीडियो सामने आने के बाद चौक थाना क्षेत्र और आसपास के इलाकों में लोगों में काफी आक्रोश है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि संबंधित सिपाही अक्सर इसी तरह बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल से इलाके में घूमता है और आम लोगों को बेवजह परेशान करता है। लोगों का आरोप है कि सिपाही अपनी वर्दी का गलत इस्तेमाल कर रहा है और कानून की आड़ में दबंगई दिखा रहा है। स्थानीय दुकानदारों और राहगीरों का कहना है कि अगर पुलिस का यही रवैया रहा, तो आम जनता खुद को सुरक्षित महसूस नहीं कर पाएगी। कई लोगों ने मांग की है कि ऐसे पुलिसकर्मियों पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए, ताकि भविष्य में कोई भी वर्दी की आड़ में कानून तोड़ने की हिम्मत न कर सके। नागरिकों का कहना है कि जब आम लोगों को बिना हेलमेट, बिना कागजात या बिना नंबर प्लेट के वाहन चलाने पर चालान काटा जाता है, तो पुलिसकर्मियों पर यह नियम क्यों लागू नहीं होते। मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए पुलिस अनुमंडल पदाधिकारी डॉ. गौरव कुमार ने बताया कि सिपाही द्वारा बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल चलाने और आम नागरिकों से बदसलूकी से जुड़ा एक वीडियो उनके संज्ञान में आया है। उन्होंने कहा कि वरीय पुलिस पदाधिकारियों के निर्देश पर पूरे मामले की जांच कराई जाएगी और यदि सिपाही दोषी पाया जाता है, तो उसके खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।


Discover more from समाज जागरण

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)