उत्तर प्रदेश पेंशनर्स कल्याण संस्था का द्विवार्षिक अधिवेशन संपन्न

कुलदीप सिंह | लखीमपुर-खीरी

उत्तर प्रदेश पेंशनर्स कल्याण संस्था का द्विवार्षिक अधिवेशन बुधवार को लखीमपुर-खीरी में डॉ. ओ.पी. श्रीवास्तव की अध्यक्षता में गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। अधिवेशन में प्रांतीय अध्यक्ष श्याम सुंदर अग्निहोत्री, प्रांतीय महामंत्री ओंकारनाथ तिवारी, वरिष्ठ उपाध्यक्ष विश्वनाथ दीक्षित सहित प्रदेश के सात प्रांतीय पदाधिकारी मौजूद रहे।

अधिवेशन में जिले व ग्रामीण क्षेत्रों से आए सैकड़ों पदाधिकारी एवं सदस्य शामिल हुए। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पण के साथ किया गया। संस्था के संरक्षक अशोक कुमार श्रीवास्तव ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत की। कार्यक्रम का सफल संचालन डॉ. सुशीला सिंह ने किया।

महामंत्री नरेश चंद्र वर्मा ने संस्था की दो वर्षों की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की, जबकि महताब अली ने आय-व्यय विवरण रखा। इसके पश्चात प्रतिभाशाली बच्चों को सम्मानित किया गया। इस दौरान अशोक कुमार श्रीवास्तव के सुपौत्र शाश्वत श्रीवास्तव को गीता प्रश्नोत्तरी में प्रथम स्थान प्राप्त करने पर, नरेश चंद्र वर्मा के सुपौत्र श्रेयांश वर्मा को मैथमेटिक्स ओलंपियाड में बरेली मंडल में प्रथम स्थान प्राप्त करने पर तथा डॉ. श्रेयांश वर्मा को बी.ए.एम.एस. की डिग्री सफलता पूर्वक प्राप्त कर चिकित्सक बनने पर सम्मानित किया गया।

अधिवेशन को रघुनंदन झा, रामटहल वर्मा, अरविंद कुमार वर्मा, के.पी. त्रिपाठी, नाम बहादुर मित्र, संत कुमार वर्मा, उमेश चंद्र श्रीवास्तव, रामगोपाल एवं ओमप्रकाश श्रीवास्तव सहित कई वक्ताओं ने संबोधित किया। अधिवेशन में धौरहरा, निघासन, पलिया, गोला, मोहम्मदी, मितौली और लखीमपुर के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों से भी पदाधिकारी व सदस्य उपस्थित रहे।

दिसंबर माह में जन्म लेने वाले पेंशनर साथियों का जन्मदिन माल्यार्पण कर मनाया गया। इस अवसर पर डॉ. सुशीला सिंह एवं अशोक कुमार श्रीवास्तव ने बधाई गीत प्रस्तुत कर शुभकामनाएं दीं। प्रांतीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष ने पेंशन कम्यूटेशन से संबंधित विषयों पर विस्तार से जानकारी दी, जबकि प्रांतीय महामंत्री ने विभिन्न ज्वलंत मुद्दों पर प्रकाश डाला।

अधिवेशन के दौरान लखीमपुर जिला कार्यकारिणी का सर्वसम्मति से चुनाव संपन्न कराया गया। इसमें डॉ. ओ.पी. श्रीवास्तव को अध्यक्ष, नरेश चंद्र वर्मा को महामंत्री, रामटहल वर्मा को वरिष्ठ उपाध्यक्ष, महताब अली को कोषाध्यक्ष तथा रामगोपाल को ऑडिटर चुना गया। इसके अलावा 21 सक्रिय कार्यकर्ताओं को सम्मानित किया गया।

सभी प्रांतीय पदाधिकारियों को स्मृति चिन्ह, बुके, उत्तरीय एवं माल्यार्पण कर सम्मानित किया गया। नव चयनित पदाधिकारियों को शपथ दिलाई गई। अंत में अध्यक्ष डॉ. ओ.पी. श्रीवास्तव के धन्यवाद ज्ञापन के पश्चात कार्यक्रम का समापन स्वरुचि भोज के साथ किया गया।

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)