गीत-संगीत और फैशन शो ने बांधा समां
समाज जागरण पटना जिला संवाददाता:- वेद प्रकाश
पटना/ जिले के फुलवारी शरीफ स्थित सुकन्या इवेंट्स की ओर से स्थानीय सावन मैरेज हॉल में एक भव्य सावन महोत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का सफल नेतृत्व सुकन्या इवेंट्स की प्रोप्राइटर शोभा भारती ने किया, जबकि संस्था के संस्थापक टोनी और शोभा भारती ने सभी अतिथियों व प्रतिभागियों का स्वागत किया।
इस महोत्सव में शहर की सैकड़ों महिलाओं और युवतियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया और सावन के पारंपरिक रंगों में सराबोर नजर आईं। महोत्सव के दौरान कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण ‘ग्रीन थीम’ रही, जिसमें सभी प्रतिभागियों ने हरे रंग की आकर्षक वेशभूषा पहनकर सावन की हरियाली और प्रकृति का संदेश दिया। इसके अलावा, आकर्षक सजावट से सुसज्जित ‘सेल्फी जोन’ भी विशेष आकर्षण का केंद्र रहा, जहां महिलाओं और युवतियों ने सेल्फी फ्रेम के साथ जमकर तस्वीरें खिंचवाईं।
समारोह में सावन से जुड़े पारंपरिक गीत, लोकगीत, झूला गीत, समूह नृत्य और संगीत ने समां बांध दिया। इस दौरान कई रोमांचक प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया, जिनमें मेहंदी प्रतियोगिता, सावन क्वीन प्रतियोगिता, रैंप वॉक, डांस प्रस्तुतियां, म्यूजिकल गेम्स और कपल परफॉर्मेंस शामिल थीं।
शोभा भारती ने कहा कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को एक सशक्त सांस्कृतिक मंच प्रदान करना, उनकी छिपी हुई प्रतिभा को प्रोत्साहित करना और भारतीय संस्कृति व परंपराओं को बढ़ावा देना है। कार्यक्रम के अंत में सभी विजेताओं और प्रतिभागियों को स्मृति-चिह्न व पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। पूरे आयोजन के दौरान उत्सव, उल्लास और बेहद पारिवारिक माहौल देखने को मिला, जिससे सभी ने इस सुनहरे पलों का भरपूर आनंद उठाया।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



