पटना सहित राज्य के 121 विधान सभा क्षेत्रो में शांतिपूर्ण मतदान सम्पन्न

समाज जागरण पटना जिला संवाददाता:- वेद प्रकाश

पटना/ बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के पहले चरण में बुधवार को पटना सहित राज्य के 121 विधान सभा क्षेत्रों में मतदान शांतिपूर्ण सम्पन्न हो गयी। लोकतंत्र के इस महापर्व में राजधानी के मतदाता पूरे जोश के साथ भाग लिया। सुबह के समय मतदान केंद्रों पर हल्की भीड़ रही, लेकिन जैसे-जैसे सूरज ऊपर चढ़ा, वोटरों की संख्या भी बढ़ती गई। लेकिन पुनः दोपहर बाद वोटरों की भीड़ मतदान केंद्रों पर नगण्य हो गयी। शाम 5 बजे तक जिले में 55.02 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। इस बार जिले के 14 विधान सभा क्षेत्रों में कुल 5,677 मतदान केंद्र बनाए गए थे, जिनमें 541 महिला केंद्र, 49 आदर्श बूथ, 14 दिव्यांगजन (PwD) केंद्र और 3 युवा मतदान केंद्र शामिल हैं। जिले में कुल 48,30,135 मतदाता हैं, जिनमें 25,47,931 पुरुष, 22,82,047 महिला और 157 थर्ड जेंडर वोटर शामिल हैं। जिला प्रशासन की पर से मतदान के सुचारू संचालन के लिए 565 सेक्टर दंडाधिकारी, 84 जोनल दंडाधिकारी और 14 सुपर जोनल दंडाधिकारी की तैनाती की गयी थी।मतदान के दौरान किसी भी तरह की गड़बड़ी या अप्रिय घटना की सूचना प्राप्त नही हुई। पटना डीएम डॉ. त्यागराजन एस.एम. ने बताया कि हर मतदान केंद्र पर केंद्रीय अर्धसैनिक बलों (CAPF) की तैनाती की गई थी। साथ ही स्टेटिक सर्विलांस टीम और जिला बल भी सक्रिय रही। मतदान केंद्रों के 100 मीटर की परिधि में कर्फ्यू लागू किया गया था। तीन स्तर की सुरक्षा व्यवस्था बनाई गई थी, जिसमें बूथ स्तर, सेक्टर स्तर और जिला स्तर की टीमें शामिल रही। इसके अलावा, प्रत्येक थाना क्षेत्र में जोनल मजिस्ट्रेट की प्रतिनियुक्ति की गई थी ताकि सुरक्षा की निगरानी सतत बनी रहे। वोटिंग के दौरान हर केंद्र पर वेबकास्टिंग की जा रही थी। बड़े टीवी स्क्रीन के माध्यम से जिला नियंत्रण कक्ष से लगातार निगरानी रखी की गई। वहीं, मोकामा और बाढ़ जैसे संवेदनशील क्षेत्रों में वरीय पदाधिकारियों की विशेष प्रतिनियुक्ति की गई थी। मतदान केंद्रों के अंदर मोबाइल फोन ले जाने की अनुमति नहीं दी गई थी। सभी बूथों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए थे ताकि मतदान प्रक्रिया की पूरी रिकॉर्डिंग की जा सके। इस तरह की व्यवस्था तथा कड़ी निगरानी के बीच बिहार विधानसभा चुनाव की पहली चरण का मतदान शान्तिपूर्ण सम्पन्न हो गया।

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)