वीरेंद्र चौहान, समाज जागरण ब्यूरो किशनगंज।
प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत किशनगंज जिले में आम जनों द्वारा सौर ऊर्जा के उपयोग को तेजी से अपनाया जा रहा है। इस कड़ी में जिलाधिकारी विशाल राज द्वारा शहर के अरहुल देवी,पति- उपेंद्र चौधरी वार्ड नंबर 30 रोल बागान एवं श्रीनिवास त्रिपाठी वार्ड नं 07 मोती बाग के दोनों उपभोक्ताओं को पीएम सूर्य घर योजना का सफलतापूर्वक लाभ उठाने एवं बिजली बिल शून्य करने के लिए सम्मानित किया गया।
जिलाधिकारी विशाल राज ने झमाझम बारिश के बीच लाभार्थी के घर पहुंचकर उपहार देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने लाभुक को उनके घर का वह बिजली बिल भी सौंपा, जिसमें उनका देय शून्य (₹0) अंकित था। यह बिल उनके द्वारा पीएम सूर्य घर योजना के तहत सौर ऊर्जा अपनाने का प्रत्यक्ष प्रमाण है। लाभार्थी उपेंद्र चौधरी ने बताया कि इस योजना की जानकारी उन्हें समाचार माध्यमों से मिली थी, जिसके बाद उन्होंने अपने घर के छतों पर पांच किलोवाट का सोलर पैनल लगवाया। इसके लिए उन्हें 78 हजार रुपये की सब्सिडी भी प्राप्त हुई। पहले हर माह चार से पांच हजार रुपये बिजली बिल का भुगतान करना पड़ता था, लेकिन अब उनका बिजली बिल शून्य आ रहा है।
अरहुल देवी के पुत्र संतोष चौधरी ने बताया कि उन्होंने फरवरी माह में अपने छत पर लगभग तीन लाख रुपये की लागत से पांच किलोवाट का सोलर पैनल लगवाया था। योजना का लाभ यह हुआ कि मार्च माह से ही उनका बिजली बिल शून्य आने लगा और अब प्रति माह लगभग पांच हजार रुपये की बचत हो रही है। इसी प्रकार, मोती बाग क्षेत्र के लाभार्थी श्रीनिवास त्रिपाठी (पिता – स्वर्गीय वासुदेव आचार्य) को भी जिला पदाधिकारी द्वारा उपहार देकर सम्मानित किया गया। उन्होंने भी अपने घर में पीएम सूर्य घर योजना के तहत रूफटॉप सोलर पैनल लगाकर सौर ऊर्जा को अपनाया है।
इस अवसर पर जिलाधिकारी विशाल राज ने कहा कि प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना, जो 15 फरवरी 2024 को लॉन्च की गई थी, का उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को सौर ऊर्जा से जोड़ना है। उन्होंने बताया कि सरकार इस योजना के तहत एक करोड़ घरों में रूफटॉप सोलर पैनल लगवाने का लक्ष्य लेकर चल रही है, जिससे लाभार्थियों को प्रतिमाह 300 यूनिट तक मुफ्त बिजली उपलब्ध कराई जाएगी। यह योजना विशेष रूप से निम्न एवं मध्यम आय वर्ग के परिवारों के लिए बहुत उपयोगी है।
जिला पदाधिकारी ने लोगों से अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में इस योजना का लाभ उठाएं और अपने बिजली बिल से मुक्ति पाएं। उन्होंने बताया कि योजना के तहत 1 किलोवाट के लिए 30 हजार रुपये, 2 किलोवाट के लिए 60 हजार रुपये और 3 किलोवाट या 3 किलोवाट से अधिक तक के लिए 78 हजार रुपये तक सब्सिडी दी जा रही है। इस मौके पर विद्युत विभाग के एसडीओ विशाल कुमार, वार्ड पार्षद प्रतिनिधि अरविंद मंडल सहित अन्य वार्ड वासी मौजूद थे।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



