वीरेंद्र चौहान, समाज जागरण ब्यूरो किशनगंज।
शहर में हुई मोबाइल छिनतई की घटना का किशनगंज पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सफल उद्भेदन कर लिया है। पुलिस ने तकनीकी अनुसंधान एवं सीसीटीवी फुटेज के आधार पर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनकी निशानदेही पर छिनतई किया गया मोबाइल फोन, एक एटीएम कार्ड तथा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली गई है।
पुलिस के अनुसार, 7 जुलाई 2026 को रामू पासवान, पिता स्वर्गीय सकलदेव पासवान, निवासी ढेकसारा, थाना किशनगंज द्वारा लिखित आवेदन दिया गया था। आवेदन के आधार पर किशनगंज थाना कांड संख्या 747/2026 दर्ज कर मामले की जांच शुरू की गई।
शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि उनकी पुत्री 7 जुलाई की शाम लगभग चार बजे मोबाइल पर बात करते हुए कोचिंग के लिए जा रही थी। इसी दौरान पीछे से मोटरसाइकिल पर सवार दो बदमाश आए और झपट्टा मारकर उसका मोबाइल छीन लिया। घटना को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी तेज रफ्तार से मौके से फरार हो गए।
घटना की गंभीरता को देखते हुए किशनगंज थाना पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की। अनुसंधान के दौरान तकनीकी साक्ष्यों एवं विभिन्न स्थानों के सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण किया गया। इसके आधार पर पुलिस ने दोनों आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उनकी निशानदेही पर छिनतई किया गया मोबाइल फोन बरामद कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोहम्मद समीर उर्फ मोहम्मद सनीर (20 वर्ष), पिता शकील अहमद, निवासी चुड़ीपट्टी कागजिया बस्ती, थाना किशनगंज तथा सगीर अंसारी (19 वर्ष), पिता मोहम्मद वशीम, निवासी चुड़ीपट्टी कागजिया बस्ती, थाना किशनगंज के रूप में हुई है।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



