google-site-verification: google2b21991adbe5cec3.html

स्वास्थ्य सेवाओं में गुणवत्ता, पारदर्शिता और जवाबदेही सर्वोच्च प्राथमिकता : डीएम

सदर अस्पताल का सघन निरीक्षण, मरीजों से सीधे संवाद कर जानी स्वास्थ्य सेवाओं की हकीकत

वीरेंद्र चौहान, समाज जागरण ब्यूरो किशनगंज।
8 जुलाई। सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक प्रभावी, पारदर्शी और मरीज-केंद्रित बनाने की दिशा में जिला प्रशासन लगातार सक्रिय है। इसी क्रम में बुधवार को जिला पदाधिकारी नवीन कुमार ने सदर अस्पताल, किशनगंज का व्यापक एवं सघन निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता, चिकित्सकीय व्यवस्थाओं और मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का गहन जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल के विभिन्न विभागों का भ्रमण कर स्वच्छता, संसाधनों की उपलब्धता, चिकित्सकों की उपस्थिति तथा उपचार व्यवस्था की समीक्षा की। इस अवसर पर सिविल सर्जन डॉ. राज कुमार चौधरी, सदर अस्पताल के उपाधीक्षक, चिकित्सक एवं अन्य स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे।


निरीक्षण के दौरान जिला पदाधिकारी ने विशेष नवजात शिशु देखभाल इकाई (एसएनसीयू), डायलिसिस यूनिट, ब्लड बैंक, पोषण पुनर्वास केंद्र (एनआरसी), दीदी की रसोई, बाह्य रोगी विभाग (ओपीडी), विभिन्न वार्डों, दवा वितरण केंद्र, जांच प्रयोगशाला, औषधि भंडारण कक्ष तथा अन्य महत्वपूर्ण इकाइयों का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने सभी विभागों में साफ-सफाई, चिकित्सा उपकरणों की कार्यशीलता, आवश्यक दवाओं की उपलब्धता, मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं तथा सेवा संचालन की गुणवत्ता का विस्तार से आकलन किया।


डीएम ने चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों की उपस्थिति, ड्यूटी रोस्टर, जांच सेवाओं, दवा वितरण व्यवस्था, रिकॉर्ड संधारण तथा औषधियों के सुरक्षित भंडारण की भी समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी स्वास्थ्य सेवाएं निर्धारित मानकों के अनुरूप संचालित हों तथा किसी भी मरीज को इलाज, दवा या जांच के लिए अनावश्यक इंतजार न करना पड़े।


निरीक्षण के दौरान जिला पदाधिकारी विभिन्न वार्डों में पहुंचे और इलाजरत मरीजों एवं उनके परिजनों से सीधे बातचीत कर अस्पताल की व्यवस्थाओं का फीडबैक लिया। उन्होंने उपचार की गुणवत्ता, चिकित्सकों की नियमित विजिट, दवाओं की उपलब्धता, जांच सुविधाओं, भोजन व्यवस्था और अस्पताल के समग्र वातावरण के संबंध में जानकारी प्राप्त की। मरीजों की समस्याएं सुनने के बाद उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी शिकायतों का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए तथा अस्पताल आने वाले प्रत्येक व्यक्ति के साथ संवेदनशील, सम्मानजनक और सहयोगपूर्ण व्यवहार किया जाए।


निरीक्षण के उपरांत जिला पदाधिकारी नवीन कुमार ने कहा कि सरकारी अस्पताल आमजन के विश्वास का सबसे महत्वपूर्ण केंद्र हैं। यहां आने वाले प्रत्येक मरीज को समय पर गुणवत्तापूर्ण उपचार, आवश्यक दवाएं, जांच सुविधाएं तथा सरकार द्वारा संचालित सभी स्वास्थ्य सेवाएं सहज रूप से उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च जिम्मेदारी है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। अस्पताल में स्वच्छता, चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों की नियमित उपस्थिति, दवा एवं जांच सेवाओं की उपलब्धता, रिकॉर्ड संधारण तथा मरीजों के प्रति संवेदनशील व्यवहार पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया गया है। निरीक्षण के दौरान दिए गए सभी निर्देशों का समयबद्ध अनुपालन सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए।


डीएम ने सिविल सर्जन एवं सदर अस्पताल के उपाधीक्षक को अस्पताल की प्रत्येक इकाई की नियमित मॉनिटरिंग करने, आवश्यक संसाधनों की सतत उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा मरीजों को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होने देने के निर्देश दिए। उन्होंने अस्पताल में संचालित विभिन्न सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करने पर भी बल दिया, ताकि अधिक से अधिक पात्र लाभार्थी इन योजनाओं का लाभ उठा सकें।


जिला पदाधिकारी ने आम नागरिकों से सरकारी अस्पतालों में उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं एवं विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की। उन्होंने कहा कि यदि अस्पताल में किसी प्रकार की असुविधा, शिकायत या सुझाव हो तो उसकी जानकारी तत्काल अस्पताल प्रबंधन अथवा स्वास्थ्य विभाग को दें। नागरिकों की सहभागिता और प्रशासन की सतत निगरानी से ही स्वास्थ्य व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़, पारदर्शी एवं जनहितैषी बनाया जा सकता है।


Discover more from समाज जागरण

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Leave a Reply

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)