राष्ट्रीय लोक अदालत को लेकर तैयारियां तेज, 9 मई को आयोजन

वीरेंद्र चौहान, समाज जागरण ब्यूरो किशनगंज।
व्यवहार न्यायालय परिसर, किशनगंज में 09 मई 2026 को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत की तैयारियों को लेकर बुधवार को एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता सचिव ओम शंकर ने की। इसमें प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारियों के साथ-साथ जिले के विभिन्न विभागों के अधिकारी शामिल हुए।


बैठक में राष्ट्रीय लोक अदालत में अधिक से अधिक मामलों के निष्पादन को सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक उपायों पर विस्तार से चर्चा की गई। सचिव ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे तैयारियों में सक्रिय भागीदारी निभाएं और इसकी सफलता के लिए समन्वित प्रयास करें।


साथ ही लोक अदालत के व्यापक प्रचार-प्रसार पर विशेष जोर देते हुए निर्देश दिया गया कि अधिक से अधिक लोग इसका लाभ उठा सकें।


बताया गया कि वर्ष 2026 की यह दूसरी राष्ट्रीय लोक अदालत है। इसमें आपराधिक समझौता योग्य मामले, प्ली बार्गेनिंग, एनआई एक्ट की धारा 138 के तहत चेक बाउंस मामले, मनी रिकवरी, मोटर दुर्घटना दावा, समझौता योग्य ट्रैफिक चालान, श्रम विवाद, सार्वजनिक उपयोगिता सेवाओं से संबंधित विवाद, पारिवारिक विवाद (तलाक को छोड़कर), भूमि अधिग्रहण, सेवा एवं पेंशन से जुड़े मामले शामिल होंगे।


इसके अलावा किराया विवाद, सहज अधिकार, निषेधाज्ञा वाद, विशिष्ट प्रदर्शन वाद सहित अन्य सिविल मामलों का भी निष्पादन किया जाएगा। ये मामले उच्च न्यायालय, जिला न्यायालय तथा राज्य, जिला एवं तालुका स्तर के प्राधिकरणों में लंबित हैं।
बैठक में सभी संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध तैयारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)