समाज जागरण/ सन्तोष कुमार
सोनभद्र। विकास खंड बभनी के चैनपुर ग्राम पंचायत स्थित पुरानडीह बस्ती में पिछले 20 दिनों से 50 घरों की बिजली आपूर्ति ठप है। बस्ती में लगा 25 केवीए का ट्रांसफार्मर जल जाने के कारण ग्रामीण अंधेरे में रहने को मजबूर हैं। कई बार शिकायत करने के बाद भी ट्रांसफार्मर नहीं बदले जाने से नाराज ग्रामीणों ने बुधवार को प्रदर्शन कर जिलाधिकारी का ध्यान आकृष्ट कराया और जल्द ट्रांसफार्मर बदलवाकर विद्युत आपूर्ति बहाल कराने की मांग की। ग्रामीणों का कहना है कि ट्रांसफार्मर जलने के बाद से लगातार बिजली आपूर्ति बाधित है। दीपावली, छठ, एकादशी और देव दीपावली जैसे महत्वपूर्ण त्योहार भी ग्रामीणों को अंधेरे में गुजारने पड़े।
बिजली नहीं रहने से बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। वहीं पेयजल के लिए मोटर और अन्य विद्युत उपकरण नहीं चल पा रहे हैं। खेती और सिंचाई के कार्यों में भी परेशानी हो रही है। रात में अंधेरा रहने से ग्रामीणों को आवागमन और सुरक्षा संबंधी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि कई बार विद्युत विभाग के अधिकारियों से शिकायत करने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं किया गया। इससे लोगों में विभाग के प्रति नाराजगी है।
प्रदर्शन करने वालों में सोमरू, संतोष, जितबंधन, श्यामसुंदर, दिनेश, फूलचरण, कतवारू, भगवानदास, रामबिचार, प्रेमचंद, फूलमती, सोनिया, देवी, उर्मिला देवी, आशा देवी सहित अन्य ग्रामीण शामिल रहे। इस संबंध में एसडीओ शिवम गुप्ता ने बताया कि उन्हें मामले की जानकारी नहीं थी। जल्द ही ट्रांसफार्मर बदलवाकर विद्युत आपूर्ति बहाल कराई जाएगी।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.