रेणु पाल का जन्मदिन बना संगीत महोत्सव
आरवी म्यूजिकल ग्रुप की सुरमयी संगीत निशा
सुनील चिंचोलकर
रायपुर, छत्तीसगढ़। आरवी म्यूजिकल ग्रुप के तत्वावधान में ग्रुप की डायरेक्टर रेणु पाल का जन्मदिन एक यादगार संगीतमय उत्सव के रूप में मायाराम सुरजन भवन (प्रेस परिसर) में धूमधाम से मनाया गया। यह संध्या छत्तीसगढ़ी संगीत प्रेमियों के लिए एक अद्भुत उपहार साबित हुई, जहाँ प्रदेशभर से आए पचास से अधिक कलाकारों ने अपनी स्वरलहरियों से वातावरण को मधुर रस में भिगो दिया।

कार्यक्रम की शुरुआत पारंपरिक दीप प्रज्वलन से हुई, जिसके बाद कलाकारों ने एक से बढ़कर एक गीतों की प्रस्तुति दी। रेणु पाल ने स्वयं जब “इसलिए मैंने प्यार किया दिल को यूँ ही बेकरार किया” गीत प्रस्तुत किए, तो श्रोताओं की तालियों की गड़गड़ाहट से सभागार गुंजायमान हों उठा।
भिलाई से आए सुखबिंदर सिंह ब्रोका, संजय सिंह, जलन सागर, वीणा राउत, राजा तिवारी, सोमा अधिकारी, अब्दुल हमीद, नंदू सोनी, मंजू साहू, तनु कलसा और पंचमी सेंद्रे जैसे कलाकारों ने अपनी मधुर आवाज़ से कार्यक्रम को ऊँचाइयों पर पहुँचा दिया। सुरों की यह महफ़िल देर रात तक संगीत प्रेमियों को मंत्रमुग्ध करती रही।

कार्यक्रम का संचालन लक्ष्मी नारायण लाहोटी ने अपने आकर्षक और हास्यपूर्ण अंदाज़ में किया। उन्होंने गीतों के बीच अपने चुटीले संवादों से न केवल माहौल को जीवंत बनाए रखा, बल्कि स्वयं भी एक दिलकश प्रस्तुति देकर दर्शकों का मन जीत लिया। इस मौके पर उपस्थित संगीत प्रेमियों ने कहा कि यह जन्मदिन समारोह नहीं, बल्कि “संगीत का पर्व” था, जिसने छत्तीसगढ़ के कलाकारों की प्रतिभा को मंच पर उजागर किया और शहरवासियों को एक अविस्मरणीय सुरमयी रात दी। कार्यक्रम में आरवी म्यूजिकल ग्रुप की संस्थापिका वीना राउत, धुन फाउंडेशन के अजय आडवाणी और डायमंड ग्रुप के तरुण घोष, बिलासपुर से कविता पटवर्धन, अक्षरा पटवर्धन, अनन्या चिंचोलकर सहित राजधानी के सैकड़ों संगीतप्रेमी उपस्थित थे।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



