समाज जागरण रंजीत तिवारी
वाराणसी। जनगणना के महत्व एवं इसके प्रति जनमानस में जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से नगर निगम वाराणसी द्वारा अपर नगर आयुक्त बरखा सिंह के नेतृत्व में आज मच्छोदरी स्मार्ट स्कूल में जनगणना जागरूकता रैली एवं रंगोली कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के माध्यम से जनगणना के महत्व, इसकी उपयोगिता तथा इसमें प्रत्येक नागरिक की सहभागिता के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया। विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने जागरूकता रैली में उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए जनगणना के प्रति लोगों को जागरूक करने का प्रयास किया। वहीं, रंगोली के माध्यम से जनगणना के महत्व को आकर्षक एवं रचनात्मक ढंग से प्रस्तुत किया गया।
इस अवसर पर विद्यार्थियों को बताया गया कि जनगणना देश के विकास की योजनाओं के निर्माण, जनसंख्या संबंधी आंकड़ों के संकलन तथा विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। जनगणना में प्रत्येक नागरिक की सहभागिता एवं सही जानकारी उपलब्ध कराना अत्यंत आवश्यक है।
नगर निगम वाराणसी द्वारा जनगणना के प्रति व्यापक जनजागरूकता के उद्देश्य से विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से नागरिकों को जागरूक किया जा रहा है। मच्छोदरी स्मार्ट स्कूल में आयोजित यह कार्यक्रम इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। इस कार्यक्रम में जोनल अधिकारी पवन गुप्ता, प्रधानाध्यापिका रीता यादव, स्कूल के बच्चे एवं अध्यापकगण उपस्थित थे।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



