google-site-verification: google2b21991adbe5cec3.html

साइबर जागरूकता दिवस पर छात्राओं ने प्रदर्शनी के माध्यम से दिया साइबर सुरक्षा का संदेश

स्लोगन राइटिंग और पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता का हुआ आयोजन, प्रधानाचार्य ने साइबर अपराधों से सतर्क रहने के लिए किया प्रेरित

अश्विनी वालिया, समाज जागरण, कुरुक्षेत्र।

कुरुक्षेत्र। राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, थानेसर के प्रांगण में साइबर जागरूकता दिवस के उपलक्ष्य में साइबर सुरक्षा विषय पर जागरूकता कार्यक्रम एवं प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। इस अवसर पर स्लोगन राइटिंग प्रतियोगिता और पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता भी आयोजित की गई, जिसमें विद्यालय की छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री अश्विनी कुमार उपस्थित रहे। वहीं एसएमसी प्रधान अंजू जी की भी विशेष उपस्थिति रही। विद्यालय के सभी स्टाफ सदस्यों एवं छात्राओं ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया और साइबर सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं।

प्रधानाचार्य अश्विनी कुमार ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान डिजिटल युग में साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक रहना बेहद आवश्यक है। उन्होंने छात्राओं को इंटरनेट और सोशल मीडिया का सावधानीपूर्वक उपयोग करने तथा साइबर बुलिंग, ऑनलाइन धोखाधड़ी एवं अन्य साइबर अपराधों से बचने के लिए सतर्क रहने की प्रेरणा दी।

कार्यक्रम की संयोजक एवं कंप्यूटर साइंस प्राध्यापिका पल्लवी गर्ग ने छात्राओं और स्टाफ सदस्यों को साइबर अपराधों से संबंधित आवश्यक जानकारियां दीं। उन्होंने ऑनलाइन सुरक्षा, व्यक्तिगत जानकारी की गोपनीयता तथा इंटरनेट के सुरक्षित उपयोग के महत्वपूर्ण पहलुओं से सभी को अवगत कराया।

कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय के सभी स्टाफ सदस्यों ने सहयोग प्रदान किया। प्रतियोगिताओं और प्रदर्शनी के माध्यम से छात्राओं को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने तथा डिजिटल दुनिया में सुरक्षित व्यवहार अपनाने का संदेश दिया गया।


Discover more from समाज जागरण

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Leave a Reply

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)