
विजय शंकर पाण्डेय
जिला संवाददाता/समाज जागरण
खलियारी, सोनभद्र
सोनभद्र। पन्नूगंज थाना क्षेत्र के रामगढ़ बाजार में शनिवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां अज्ञात हमलावरों ने 10 वर्षीय मासूम बालक की गला रेतकर बेरहमी से हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई और लोगों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है।
मिली जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान रामगढ़ निवासी राजू गुप्ता के 10 वर्षीय पुत्र के रूप में हुई है। परिजनों और स्थानीय लोगों के मुताबिक बच्चा दोपहर बाद अचानक लापता हो गया था, जिसके बाद उसकी तलाश शुरू की गई। कुछ समय बाद ही बाजार क्षेत्र के पास उसका शव खून से लथपथ अवस्था में मिला।
वारदात की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर बड़ी संख्या में एकत्र हो गए। भीड़ ने प्रशासन के खिलाफ जोरदार नारेबाजी करते हुए हत्यारों की तत्काल गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की। ग्रामीणों का कहना है कि रामगढ़ क्षेत्र में यह दूसरी बार ऐसी नृशंस हत्या की घटना सामने आई है, जिससे लोग दहशत में हैं।
स्थिति बिगड़ते देख पुलिस टीम मौके पर पहुंची और भीड़ को शांत कराने के साथ ही घटना स्थल की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज कर दी गई है और जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।
फिलहाल पूरे इलाके में तनाव का माहौल बरकरार है। आक्रोशित ग्रामीण हत्यारों को कठोरतम सजा देने की मांग कर रहे हैं, वहीं पुलिस आश्वस्त कर रही है कि दोषियों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा।
समाज जागरण की टीम लगातार इस घटना पर नजर बनाए हुए है।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



