13 दिसंबर को सोनभद्र में राष्ट्रीय लोक अदालत, न्यायिक व्यवस्था और पीएलवी सक्रिय — डीएलएसए सचिव

जनपद सोनभद्र में 13 दिसम्बर 2025 को आयोजित होगा राष्ट्रीय लोक अदालत

समाज जागरण/ अनिल कुमार अग्रहरी

ओबरा/ सोनभद्र। राष्ट्रीय लोक अदालत के प्रति न्यायपालिका जिस तरह गंभीरता से इस आयोजन को सफल बनाने के लिए लगातार विभिन्न विभागों, प्रशासनिक अधिकारीयों और न्यायिक मजिस्ट्रेटों के साथ बैठक कर 13 दिसंबर 2025 दिन शनिवार को आयोजित होने वाले राष्ट्रीय लोक अदालत को सफल बनाने के मुहिम में जुटी है उसी तरह राष्ट्रीय लोक अदालत के प्रचार प्रसार हेतु पीड़ितों की मदद करने अंतिम पायदान पर खड़े न्याय से वंचितों के लिए, उनके मार्गदर्शन व उन्हें न्यायिक और मूलभूत सुविधा उपलब्ध कराने, उनमें जागरूकता फैलाने में पीएलवी भी लगे हैं।


सोमवार को भी पीएलवी द्वारा तहसील ओबरा के सभागार और परिसर में राष्ट्रीय लोक अदालत का पंफ्लेट्स और बैनर लेकर लोगों को जागरूक करने का नज़ारा दिखा। तहसील विधिक सेवा समिति भी राष्ट्रीय लोक अदालत को लेकर संजीदगी से अधिकाधिक वादों के निपटारे हेतु नोटिस तामिला में सक्रिय रहीं। दुर्गम क्षेत्रों कोन, जुगैल, मिटहिनिया, जोरुखाड़ फफराकुंड सलईबनवा के ग्रामीणों को मूलभूत सुविधाओं और न्यायिक अधिकारों के प्रति परा विधिक स्वयं सेवक कमाल अहमद जहां सक्रिय रूप में तहसील सभागार में ग्रामीणों को विधिक सुविधाएं, जन कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी और 13 दिसम्बर 2025 को जनपद सोनभद्र में आयोजित होने वाले राष्ट्रीय लोक अदालत का लाभ उठाने के प्रति अपील तथा जागरूक करने में लगे रहे वहीं ओबरा थाने पर तैनात पीएलवी भी न्याय से वंचितों, असहायों की सहायता और उन्हें विधिक साक्षर और जागरूक रहने के लिए मार्गदर्शन करते दिखे।


“न्याय सबके लिए” न्याय चला निर्धन के द्वार, लोगों के मूलाधिकारों के संरक्षण के प्रति समर्पित तथा विख्यात न्यायिक संस्था ज़िला विधिक सेवा प्राधिकरण सोनभद्र सचिव/अपर जनपद न्यायाधीश शैलेंद्र यादव ने बताया कि कि राष्ट्रीय लोक अदालत का मुख्य उद्देश्य नि: शुल्क और त्वरित न्याय है और हम उसके लिए समर्पित है। श्री यादव ने यह भी बताया कि हमारा संकल्प है “न्याय सबके लिए”। कहा कि समाज के अंतिम पायदान पर खड़े न्याय से वंचितों, असहायों, वरिष्ठ नागरिकों, विकलांगों आदि को न्याय और बेहतरी के लिए ओबरा, राबर्ट्सगंज, घोरावल और दुद्धी तहसील और विभिन्न थानों में तैनात हमारे पीएलवी न्यायपालिका और कार्यपालिका समेत सरकार की मंशा के अनुरूप जनकल्याण हेतु लोगों को न्याय सुलभ कराने, उन्हें विधिकीय तौर पर जागरूक और साक्षर करने बेहतरीन सहयोग प्रदान कर रहे हैं।

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)