दैनिक समाज जागरण, संवाददाता, बिकाश
ईचागढ़: चांडिल थाना क्षेत्र अंतर्गत चांडिल–पुरुलिया बाइपास मार्ग पर शनिवार को हुए एक गंभीर सड़क हादसे में विस्थापित मुक्ति वाहिनी के वरिष्ठ नेता श्यामल मार्डी बुरी तरह घायल हो गए। घटना के बाद कुछ देर तक इलाके में अफरा-तफरी की स्थिति बनी रही।
जानकारी के अनुसार, झारखंड बंद के तहत आयोजित विरोध कार्यक्रम में शामिल होने के लिए श्यामल मार्डी अपने पैतृक गांव गांगुडीह से मोटरसाइकिल द्वारा घोड़ानेगी की ओर जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार बाइक ने उनकी मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के कारण वे संतुलन खो बैठे और सड़क पर गिरने के बाद पास से गुजर रहे एक ट्रैक्टर से जा टकराए।
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें गंभीर अवस्था में टाटा मेन अस्पताल (टीएमएच), जमशेदपुर ले जाया गया। अस्पताल में जांच के दौरान डॉक्टरों ने बताया कि उनके दाहिने हिस्से की चार पसलियां टूट गई हैं। वहीं एक टूटी हुई पसली हृदय की ओर मुड़ जाने से उनकी हालत बेहद नाजुक बनी हुई है।
घायल की गंभीर स्थिति को देखते हुए टीएमएच के चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए रिम्स, रांची रेफर कर दिया। इसके बाद आईसीयू सुविधा से लैस एंबुलेंस के जरिए परिजनों और समर्थकों की मौजूदगी में उन्हें रांची भेजा गया। घटना की खबर फैलते ही उनके समर्थकों और संगठन के सदस्यों में चिंता का माहौल देखा गया।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



