कहा- उनके 650वें जयंती वर्ष पर निकाली जा रही समरसता संकल्प यात्रा देशभर में समरसता, समानता और भाईचारे का संदेश पहुंचाएगी।
दैनिक समाज जागरण, [[ महेन्द्र जावला बहल ]]
भिवानी, 22 नवम्बर । सांसद चौधरी धर्मबीर सिंह ने कहा कि सद्गुरु श्री रविदास जी महाराज की शिक्षाएं सामाजिक समानता, भाईचारे और मानव कल्याण की प्रेरणा देती हैं। उन्होंने समाज को जाति-पाति, ऊंच-नीच और भेदभाव से ऊपर उठकर एकता के साथ रहने का मार्ग दिखाया।
रविवार को भिवानी विश्राम गृह में प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि संत-महापुरुष किसी एक जाति या वर्ग के नहीं, बल्कि संपूर्ण राष्ट्र की अमूल्य धरोहर होते हैं। उनके 650वें जयंती वर्ष पर निकाली जा रही समरसता संकल्प यात्रा देशभर में समरसता, समानता और भाईचारे का संदेश पहुंचाएगी।
उन्होंने बताया कि यह यात्रा 18 नवंबर से 3 दिसंबर तक चलेगी। जालंधर के डेरा सचखंड बल्लां से शुरू होकर करीब 2,402 किमी की दूरी तय करते हुए 47 शहरों से गुजरकर वाराणसी के सीर गोवर्धनपुर में संपन्न होगी।
हरियाणा में यह यात्रा 25, 26 और 28 नवंबर को यमुनानगर, अंबाला, कुरुक्षेत्र, करनाल, पानीपत, सोनीपत, फरीदाबाद और पलवल से गुजरेगी। शेष 15 जिलों से उपयात्राएं भी मुख्य यात्रा में शामिल होंगी। 25 नवंबर को कुरुक्षेत्र के उमरी में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी जनसभा को संबोधित करेंगे। 26 नवंबर को सोनीपत के बहालगढ़ में जनसभा होगी। 28 नवंबर को फरीदाबाद में जनसभा के बाद यात्रा पलवल-होडल होते हुए यूपी रवाना होगी।
सांसद ने कहा कि पाश्चात्य संस्कृति से हमारे संस्कारों में बदलाव आया है। भाजपा सरकार महापुरुषों के जीवन पर बड़े कार्यक्रम कर रही है, ताकि आने वाली पीढ़ियों को पता चले। 142 करोड़ की आबादी का देश संतों के आदर्शों को लेकर आगे बढ़े, यही इन यात्राओं का उद्देश्य है।
इस अवसर पर जिलाध्यक्ष विरेंद्र कौशिक, अशोक बिडलान, राकेश मिश्रा, नितिन भारद्वाज, अंकित पालुवास, वरुण गौड़ सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



