दैनिक समाज जागरण अली नकव़ी
संभल। जनपद सम्भल में मंगलवार देर रात पुलिस और इनामी बदमाश के बीच मुठभेड़ हो गई। गोकशी के आरोप में फरार चल रहे 25 हज़ार रुपये के इनामी बदमाश अरशद कुरैशी उर्फ कालिया को पुलिस ने पैर में गोली लगने के बाद गिरफ्तार कर लिया। घायल बदमाश को जिला संयुक्त चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है।
मुठभेड़ थाना ऐचौड़ा कम्बौह क्षेत्र के घंसूरपुर रोड पर उस समय हुई, जब पुलिस वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान बाइक सवार बदमाश को रोकने का प्रयास किया गया तो उसने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। सूचना पर थाना अध्यक्ष मोहित काजला और सीओ असमोली कुलदीप कुमार मौके पर पहुंचे। असमोली थाना पुलिस ने भी घेराबंदी कर दोनों ओर से फायरिंग की, जिसमें बदमाश के पैर में गोली लगी और उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

गिरफ्तार बदमाश की पहचान अरशद कुरैशी उर्फ कालिया पुत्र नईम — निवासी मोहल्ला कोट पूर्वी, कोतवाली सम्भल के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके पास से 315 बोर का तमंचा, एक जिंदा कारतूस और एक मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, अरशद कुरैशी के खिलाफ कोतवाली सम्भल में छह, थाना बनियाठेर में एक और जनपद कुशीनगर में दो आपराधिक मामले दर्ज हैं। कुशीनगर पुलिस ने उस पर 25 हज़ार रुपये का इनाम घोषित कर रखा था।गिरफ्तारी के बाद घायल अरशद ने सीओ कुलदीप कुमार से कहा — “अब गलती हो गई, आइंदा कोई गलती नहीं होगी, अब माफ कर दीजिए, आगे से गलती हो तो मुझे मार देना।”फिलहाल पुलिस ने उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।



Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



