समाज जागरण, पंकज राघव/हेमंत चौहान
संभल।संभल तीर्थ परिक्रमा (फेरी) यूं तो देवताओं द्वारा अनादि काल से चली आ रही सनातनी परंपरा है, परंतु सन् 1976 से 2005 तक लगभग 30 वर्षों तक यह विलुप्तप्राय हो गई थी। इससे पूर्व परिक्रमा मार्ग खेतों-मेंड़ों से होकर गुजरता था, जिससे गन्ना, आलू आदि फसल खराब होने के आरोपों को लेकर प्रायः झगड़ा-झंझट होता था और इसी कारण 1976 से 2005 तक फेरी अर्थात पदयात्रा समाप्त हो गई। उस अवधि में संभल क्षेत्रवासी सूर्यकुंड, मनोकामना और नीमसार पर लगने वाले मेलों को ही फेरी-मेला कहने लगे थे।

सन् 2006 में हिंदू जागृति मंच ने गांव-गांव अलख जगाकर भरपूर प्रचार-प्रसार करके अपने विश्वासपात्र साथी-मित्रों के साथ कुल 17 लोगों की संख्या से 24 कोसीय संभल तीर्थ परिक्रमा को पुनर्जीवित, पुनर्जागृत किया। उस समय सभी समाचार पत्रों में इसे प्रमुखता से प्रकाशित किया गया था। समाज सेवा, आध्यात्मिक सेवा और क्षेत्र की सेवा में हिंदू जागृति मंच का यह सबसे महत्वपूर्ण और सफलतम कदम माना गया।
*फेरी पर नहीं लगने दिया किसी राजनीतिक दल का ठप्पा*
हिंदू जागृति मंच के संस्थापक एवं वर्तमान प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार शर्मा का कहना है कि सन् 2006 से 2013 तक संभल तीर्थ परिक्रमा 17 लोगों से शुरू होकर लगभग 50,000 की संख्या तक पहुंच गई। इतना बड़ा आयोजन होने पर भी इस पर किसी भी राजनीतिक दल का ठप्पा नहीं लगने दिया गया, क्योंकि उस समय भाजपा, सपा, कांग्रेस और बसपा के सभी जनप्रतिनिधियों तथा दलों से जुड़े लोगों को विशेष रूप से आमंत्रित किया जाता था और सभी राजनीतिक दलों के लोग आपसी मतभेद भुलाकर एक साथ परिक्रमा करने वालों का स्वागत-सम्मान करते थे।
*संतों और गणमान्य जनों के नेतृत्व में जागृत हुई संभल फेरी*
संभल क्षेत्र के सभी संतों के आशीर्वाद, प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष सहयोग और उपस्थिति के साथ उन्हीं के नेतृत्व में हिंदू जागृति मंच के सदस्यों ने अपने पूरे परिश्रम से 24 कोसीय परिक्रमा को जागृत, पुनर्जीवित और जीवंत किया।
*गांव-गांव जाकर 20 रुपये में होता था परिक्रमा यात्रियों का पंजीकरण*
हिंदू जागृति मंच के सभी सदस्य जनपद के सभी गांवों में पहुंचकर गांव के ही ग्राम प्रधान अथवा मुख्य व्यक्ति के द्वारा मात्र 20 रुपये में तीर्थ यात्रियों का पंजीकरण करते थे। पंजीकृत यात्रियों के लिए गांव से वाहन जाता था और रात्रि में अर्थात प्रातः काल होने से पूर्व वंशी-गोपाल पर सभी यात्रियों को एकत्र किया जाता था। महाआरती के पश्चात परिक्रमा शुरू होती थी और अगले दिन परिक्रमा पूर्ण होने पर सभी पंजीकृत यात्रियों को वाहन से वापस गांव पहुंचाया जाता था। ऐसी सुंदर व्यवस्था से अभिभूत सभी तीर्थ यात्री उत्साह और उमंग के साथ भाग लेते थे।
*गांव-गांव जाकर परिक्रमा यात्रियों का होता था सम्मान*
जितने लोगों का पंजीकरण होता था, उतनी ही संख्या में उस समय लोकप्रिय रही डीवीडी कैसेट तैयार की जाती थी। डीवीडी कैसेट और सम्मान-पत्र के साथ हिंदू जागृति मंच के सदस्य प्रत्येक गांव में पहुंचते थे। वहां सभी ग्रामवासियों के साथ बैठकर पंजीकृत तीर्थ यात्रियों का विशेष रूप से सम्मान होता था और संभल तीर्थ परिक्रमा का महत्व, लक्ष्य, सुविधा तथा अपने परिश्रम की जानकारी दी जाती थी।
*वर्ष पर्यंत होती थी तीर्थ परिक्रमा की जीवंत चर्चा*
क्षेत्र के सभी लोगों का पंजीकरण करना, फिर उन्हें वाहन से लाना, गणमान्य जनों के सहयोग से भोजन, जलपान, शयन आदि की व्यवस्था करना, उन्हें वाहन द्वारा गांव पहुंचाना और उसके बाद उस यात्रा की जीवंत फिल्म के साथ डीवीडी कैसेट तैयार करना और फिर गांव-गांव जाकर सम्मान समारोह आयोजित करना – इन सभी कार्यों से लगभग पूरे वर्ष संभल तीर्थ परिक्रमा की जीवंत चर्चा बनी रहती थी।
प्रतिकूल समय में पुनर्जागरण आश्चर्यजनक था
संभल तीर्थ परिक्रमा का 2006 में पुनर्जीवित होना इसलिए अत्यधिक महत्वपूर्ण है कि वह ऐसा संक्रमण काल था जब संभल नगर में चलते हुए देवी जागरण को प्रशासन द्वारा रुकवा दिया गया था, वाद्य यंत्र कोतवाली में जमा करा लिए गए थे, मंदिरों में होने वाली भागवत कथा से पूर्व निकलने वाली कलश यात्रा प्रतिबंधित कर दी गई थी। बिना प्रशासन की अनुमति के धार्मिक-आध्यात्मिक कार्य नहीं हो सकते थे। ऐसे समय में कितना प्रचार किया गया, कितना छुपाकर कार्य किया गया, कार्य हो गया उसके बाद ही समाचार पत्रों में आया, उससे पूर्व किसी को भनक न लगे और कहीं रुकावट पैदा न हो जाए – ऐसी विसंगति वाले समय में संभल तीर्थ परिक्रमा का पुनर्जागरण अत्यंत कठिन ही नहीं, बल्कि दुरूह कार्य था। इसे भगवान श्री कल्कि की कृपा और आशीर्वाद से ही हिंदू जागृति मंच सफल बना सका।
महत्वाकांक्षी जनों के आरोपों के बाद 2013 में छोड़ी कमान
हिंदू जागृति मंच ने जिस सोई हुई, लुप्तप्राय परंपरा को उत्सव-समारोह के रूप में परिवर्तित कर संभल क्षेत्र के सबसे बड़े आयोजन के रूप में स्थापित किया, जब उसी पर कुछ महत्वाकांक्षी जनों ने आरोप लगाने शुरू किए, तब हिंदू जागृति मंच के प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार शर्मा ने परिक्रमा से अलग होने का मन बनाया। उन्होंने परिक्रमा की जिम्मेदारी से मुक्त होने का त्यागपत्र बनाकर शहर के सभी गणमान्य जनों को 6 माह पूर्व सूचित कर दिया। इस विश्वास के साथ कि संभल तीर्थ परिक्रमा नाम का पौधा न केवल हिंदू जागृति मंच ने रोपित किया है, बल्कि पुनर्जीवित-जागृत करके इसे विशाल वटवृक्ष के रूप में समाज को दिखाया है। इसके निरंतर फलने-फूलने पर हिंदू जागृति मंच का प्रत्येक सदस्य गर्व और गौरव की अनुभूति करेगा, कभी भी किसी कमी पर दृष्टि नहीं डालेगा और जो भी बन पड़ेगा, तन-मन-धन, समय और हर प्रकार की ऊर्जा से सहयोग करेगा।
समाज, शासन, प्रशासन के समर्पण-सहयोग पर हिंदू जागृति मंच को है गर्व
हिंदू जागृति मंच ने दर्जनों बार जिला प्रशासन, मुख्यमंत्री, राज्यपाल और प्रधानमंत्री को संभल तीर्थ परिक्रमा के विकास और संभल को पर्यटन स्थल घोषित करने की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपे हैं। इस कार्य में संभल के सभी सामाजिक संगठनों ने यथायोग्य भरपूर सहयोग भी किया है। आज 24 कोसीय तीर्थ परिक्रमा के रास्ते मथुरा, वृंदावन, अयोध्या की तर्ज पर बनने जा रहे हैं, इसका सबसे अधिक गर्व और गौरव हिंदू जागृति मंच से जुड़े हर सदस्य को हो रहा है। हिंदू जागृति मंच की टीम प्रफुल्लित, गौरवान्वित और आनंदित है संभल तीर्थ परिक्रमा को फलते-फूलते देखकर, क्योंकि यह संभल की आन, मान, शान का प्रतीक भी है और प्रतिबिंब भी।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



